देश की स्टार महिला स्प्रिंटर हरिता भद्रा ने जापान में कमाल कर दिया है. उन्होंने महिलाओं की 200 मीटर फाइनल राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है. मुकाबले के दौरान उन्होंने 23.20 सेकेंड का समय लेते हुए विशेष उपलब्धि हासिल की. महिलाओं की 200 मीटर फाइनल राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर की शांति परेरा स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहीं. उन्होंने मुकाबले के दौरान 22.78 सेकेंड का समय लिया. वहीं दूसरे स्थान पर चीन की चेन युजी रहीं. जिन्होंने 22.93 सेकेंड के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया.
नवी मुंबई से आती हैं हरिता भद्रा
हरिता भद्रा का जन्म छह जून साल 2003 में महाराष्ट्र में हुआ था. वह खासकर नवी मुंबई से आती हैं. मौजूदा समय में वह 23 साल की हैं. बचपन से ही हरिता को खेलों से विशेष रुचि थी. इसलिए आगे चलकर उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाया. हरिता के खेल की विशेष पहचान उनकी अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प है. जिसके बल पर वो दिन प्रतिदिन आगे बढ़ रही हैं और खेल जगत में भारत का नाम रोशन कर रही हैं.
हरिता भद्रा की विशेष उपलब्धि
हरिता ने स्प्रिंटिंग में एक अलग पहचान बनाई है. उन्होंने राजधानी दिल्ली में आयोजित हुए भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के 100 मीटर दौड़ को केवल 11.22 सेकंड में पूरा किया था. जिसके बाद से उनके नाम भारत की दूसरी सबसे तेज महिला धावक का रिकॉर्ड है. उनकी यह टाइमिंग न केवल उनके करियर की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि भारतीय एथलेटिक्स में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जाता है.
हैंडमेड ज्वैलरी ब्रांड भी चलाती हैं हरिता
हरिता केवल खेल में ही सक्रिय नहीं हैं, बल्कि उद्यमिता के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. वह 'दगिना' नाम से एक हैंडमेड ज्वैलरी ब्रांड चलाती हैं, जो कि लोगों के बीच काफी पॉपुलर हैं. एक पेशेवर एथलीट होने के साथ व्यवसाय को संभालना यह दर्शाता है कि वह बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं.
राफेल नडाल को अपना आदर्श मानती हैं हरिता
हरिता के आदर्श कोई और नहीं बल्कि लाखों लोगों के चहेते टेनिस स्टार राफेल नडाल हैं. नडाल की संघर्षशील मानसिकता, कभी हार न मानने का जज्बा, अनुशासन और लगातार शानदार प्रदर्शन की क्षमता उन्हें प्रेरित करती है. कई मौकों पर वह नडाल के खेल की सराहना कर चुकी हैं. उनका मानना है कि नडाल के खेल और उनके व्यक्तित्व से उन्हें प्रेरणा मिलती है.
यह भी पढ़ें- भारत की 'अगली सानिया' का कमाल, अनाहत सिंह ने एशियन गेम्स में जीता सिल्वर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं