स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (नाबाद 139 रन) और कप्तान शुभमन गिल (110 रन) ने 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी महारत का प्रदर्शन करते हुए शानदार शतक जड़े जिससे भारत ने रविवार को पहले वनडे में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली. वेस्टइंडीज के लिए भी जस्टिन ग्रीव्स (101 रन) ने शतक जड़ा लेकिन कुलदीप यादव के शानदार चार विकेट के स्पेल से पहले ही यह फीका पड़ गया. गिल ने अपना 10वां वनडे शतक जड़ा जबकि कोहली ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को धुनते हुए अपना 55वां शतक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 86वां शतक पूरा किया.
कुलदीप ने 295 रन पर ही रोक दी वेस्टइंडीज की पारी
इससे पहले कुलदीप (40 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से भारत ने ग्रीव्स के शतक के बावजूद वेस्टइंडीज को सात विकेट पर 295 रन ही बनाने दिए. ग्रीव्स और उनके सलामी जोड़ीदार जॉन कैंपबेल (62 रन, 60 गेंद) ने 19.2 ओवर में 135 रन जोड़े जिससे वेस्टइंडीज बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रहा था. लेकिन कुलदीप ने ऐसी पिच पर कुछ जादू बिखेरा जिसने स्पिनरों को थोड़ी मदद दी और विंडीज बल्लेबाजों के रनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी.
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप ने अपनी चतुराई का भी शानदार परिचय दिया. कैंपबेल को ऑफ-स्टंप के बाहर दो वाइड गेंदों से असमंजस में रखने के बाद कुलदीप ने एक गेंद फुल गेंद डाली और बाएं हाथ के बल्लेबाज का गलत टाइम किया हुआ स्वीप शॉट मिड-ऑन पर प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों में चला गया. भारत के लिए यह बड़ी राहत थी क्योंकि कैंपबेल अच्छी लय में दिख रहे थे. कैंपबेल ने 49 गेंद में अर्धशतक लगाने से पहले रविंद्र जडेजा पर एक चौका और दो छक्के लगाए थे.
कुलदीप ने जल्द ही शाई होप को आउट करके एक और बड़ा झटका दिया. वेस्टइंडीज के कप्तान कुलदीप की लाइन में बदलाव से चकमा खा गए और गेंद को जडेजा के हाथों में उछाल बैठे. शतकवीर ग्रीव्स और ज्वेल एंड्रयू लगातार गेंदों पर कुलदीप का शिकार बने. अचानक वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 176 रन से पांच विकेट पर 198 रन तक पहुंच गया. अमीर जांगू (नाबाद 58 रन) ने छठे विकेट के लिए रोस्टन चेज के साथ 48 रन और सातवें विकेट के लिए मैथ्यू फोर्ड के साथ 38 रन की साझेदारियां करके टीम को 300 के करीब पहुंचाया.
जांगू के पुल शॉट देखने लायक थे जिन्होंने कुछ मौकों पर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध की गेंदों को धुना। ग्रीव्स ने चारों ओर कुछ बेहतरीन शॉट खेले जिससे वेस्टइंडीज ने पहले 20 ओवर के हिस्से में छह रन प्रति ओवर से अधिक की दर से रन बनाए. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक और बाद में 104 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.
विराट की पारी के सामने अवॉर्ड लेना अजीब लगता है: कुलदीप यादव
प्लेयर ऑफ द मैच बने कुलदीप यादव ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा शुभमन गिल और विराट कोहली की बल्लेबाजी पसंद आई. उन्होंने माना कि विराट की शानदार पारी के बाद मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड लेना थोड़ा अजीब लगता है. कुलदीप के मुताबिक, विराट की बल्लेबाजी देखने लायक थी और उन्होंने मैच में खास छाप छोड़ी.
अपनी रिदम और बॉलिंग फ्लो से खुश दिखे कुलदीप
कुलदीप ने कहा कि इस मैच में उन्हें अपनी रिदम सबसे ज्यादा पसंद आई. उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह शांत थे और परिस्थितियों के अनुसार गति में बदलाव, विविधता और बल्लेबाजों को पढ़ने की अपनी योजना को सफलतापूर्वक लागू कर सके. उनका मानना है कि अच्छी रिदम में रहने पर गेंदबाजी स्वत: बेहतर हो जाती है.
ऐसे स्पेल से लौटता है आत्मविश्वास
टीम में अंदर-बाहर होने के दौर पर बात करते हुए कुलदीप ने कहा कि कभी-कभी आत्मविश्वास दोबारा हासिल करने के लिए ऐसे स्पेल की जरूरत होती है. उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ी अपनी गेंदबाजी का आनंद लेता है और दबाव मुक्त रहता है, तब उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर आता है. यह प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा.
अभी भी सुधार की काफी गुंजाइश
भारतीय स्पिनर ने कहा कि वह अपनी गेंदबाजी से संतुष्ट हैं, लेकिन अभी भी खुद में सुधार की जगह देखते हैं. उनके अनुसार एक स्पिनर के लिए रिदम और फ्लो सबसे महत्वपूर्ण होते हैं. जब गेंदबाज सहज महसूस करता है तो उसकी गेंदबाजी का असर भी अलग दिखाई देता है.
फुटबॉल के बड़े फैन हैं कुलदीप
क्रिकेट के अलावा कुलदीप यादव ने फुटबॉल के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि बचपन से फुटबॉल देखते आ रहे हैं और आज भी नियमित रूप से मैच फॉलो करते हैं. उन्हें खेल का आनंद लेना पसंद है और यही बात उन्हें फुटबॉल से जोड़े रखती है.
बार्सिलोना के प्रदर्शन से खुश हैं कुलदीप
कुलदीप ने कहा कि वह एफसी बार्सिलोना के समर्थक हैं और टीम का मौजूदा प्रदर्शन उन्हें काफी पसंद आ रहा है. उनके मुताबिक बार्सिलोना लीग में शीर्ष स्थान पर है और जिस तरह का फुटबॉल खेल रही है, वह प्रशंसकों के लिए आनंददायक है. उन्होंने कहा कि सबसे अहम बात खेल का आनंद लेना है और बार्सिलोना के खिलाड़ी फिलहाल वही कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- दो या तीन नहीं! एक दिन में लगे 6 शतक, वनडे क्रिकेट में फैंस को हमेशा याद रहेगा 27 सितंबर का दिन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं