Bank Strike News: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत है. आज यानी 28 सितंबर से शुरू होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टल गई है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच रविवार को हुई बातचीत के बाद बैंक हड़ताल टालने (Bank Strike Deferred) का फैसला लिया गया. ऐसे में ज्यादातर लोग इस कन्फ्यूजन में हैं कि आज बैंक खुले हैं या बंद (Bank Open Or Closed Today)?
यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि आपके शहर में क्या आज बैंक खुले हैं या आज बैंक की छुट्टी है. इसके साथ ये भी जानेंगे कि अचानक बैंक यूनियनों ने अपनी हड़ताल टालने का फैसला कैसे ले लिया? क्या सरकार ने बैंक कर्मियों की मांग सुन ली या बात कुछ और ही है. चलिए जानते हैं....
अचानक क्यों टली बैंक हड़ताल?
UFBU ने सोमवार से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया था. यह हड़ताल बैंकों के हाफ-ईयरली क्लोजिंग के समय होनी थी. रविवार को IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में यूनियनों की कई मांगों पर आगे बातचीत का भरोसा दिया गया.
बैंक कर्मचारियों की 5 डे वर्किंग मांग के लिए बनेगी हाई-लेवल कमेटी
दोनों पक्षों ने बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर विचार के लिए तुरंत एक हाई-लेवल कमेटी बनाने पर सहमति जताई है. यह कमेटी बाकी शनिवार को भी छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर सभी तरह के ऑप्शन पर विचार करेगी.
बैंक यूनियन लंबे समय से हफ्ते में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की मांग कर रही हैं. वो चाहते हैं कि सोमवार से शुक्रवार तक काम हो और शनिवार -रविवार को आराम मिले. अब IBA और UFBU की संयुक्त कमेटी इस मुद्दे पर बातचीत करेगी. कमेटी सभी संबंधित पक्षों से बात करेगी और ग्राहकों के हित को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने की कोशिश करेगी.
PLI स्कीम पर भी होगी बातचीत
IBA के साथ PLI स्कीम में बदलाव को लेकर चर्चा शुरू होगी. यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों को सरकार के सामने रखने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा.इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज बाकी लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्ष जल्द बातचीत करेंगे.
आज बैंक खुले रहेंगे या बंद?
बैंक हड़ताल टलने के बाद ग्राहकों की टेंशन खत्म हो गई है. आज यानी 28 सितंबर, सोमवार को बैंक खुले रहेंगे. यानी आज सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक में जाकर अपना काम आराम से करा सकते हैं.
इससे पहले 27 सितंबर, रविवार को भी SBI, Bank of Baroda, PNB समेत कई सरकारी बैंक और रीजनल रूरल बैंक खुले थे. 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को कई परेशनी न हो इसलिए बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम निपटाने का मौका दिया गया था. बता दें कि PSB और RRB को रविवार को खोलने का फैसला 21 सितंबर की बैठक के बाद लिया गया था. इसमें वित्त मंत्रालय, सरकारी बैंक, RRB, IBA और NABARD के अधिकारी शामिल हुए थे.
UFBU ने कहा है कि IBA से मिले आश्वासन के बाद प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है. अब कमेटी और दोनों पक्षों के बीच होने वाली बातचीत से आगे की स्थिति साफ होगी.
ये भी पढ़ें- EPF Wage Ceiling: हर महीने ₹3,000 तक कटेगा PF, घट सकती है टेक-होम सैलरी! लेकिन रिटायरमेंट पर मिलेगा बड़ा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं