धौलपुर के सैपऊ थाना क्षेत्र के मानसिंह का नगला गांव में करीब 35 साल की विवाहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. ससुराल पक्ष के लोगों ने सोमवार देर रात को गुपचुप तरीके से बाजरे के खेत में अंतिम संस्कार कर दिया. इस मामले की भनक मायके पक्ष के लोगों को लग गई. जिन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया. पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक चिता जल चुकी थी और मायके पक्ष के लोग फरार हो चुके थे. पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया है.
शराब के नशे में पति मारपीट करता था
मृतका की मां रामो देवी निवासी किरी मोहल्ला बाड़ी ने बताया कि करीब 15 साल पहले बेटी चरनदेई की शादी मानसिंह का नगला गांव निवासी नरेश कुशवाहा के साथ हुई थी. बेटी का पति नरेश कुशवाहा आए दिन मारपीट करता रहता था. शराब पीकर बेटी को पीटता था. मां ने आरोप लगाते हुए कहा कि बेटी चरनदेई की हत्या कर बिना सूचना दिए हुए बाजरे के खेत में अंतिम संस्कार कर दिया है.
रात्रि में चुपके से कर दिया अंतिम संस्कार
मामले को लेकर थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा ने बताया संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत हुई है. ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष के लोगों को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया है. पुलिस रात्रि के समय मौके पर पहुंची थी, तब तक चिता जल चुकी थी. उन्होंने बताया जलती चिता वाले स्थल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.
पीहर पक्ष ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया
एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है. एफएसएल टीम द्वारा चिता से नमूने लिए जाएंगे. उन्होंने बताया पीहर पक्ष के लोगों ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने पति समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस घटना के हर पहलू पर बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है. थाना प्रभारी शर्मा ने बताया मामले का शीघ्र खुलासा कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घर से ताला लगाकर फरार
ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहित महिला चरनदेई का बाजरे के खेत में गुपचुप तरीके सेअंतिम संस्कार कर दिया. बाजरे के खेत से जब धुंआ निकलता हुआ दिखाई दिया तो लोगों को शक हुई. स्थानीय ग्रामीणों ने इस मामले की सूचना मृतका के पीहर पक्ष को दे दी. मायके पक्ष के लोग पुलिस थाने पहुंच गए. इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और घटना स्थल पर पहुंच गई. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही चिता पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी और मायके पक्ष के लोग फरार हो गए.
यह भी पढ़ें: एक ही नेता को बीजेपी और कांग्रेस ने बना दिया उम्मीदवार, दोनों पार्टी में लगाया था 'जुगाड़'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं