विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बीते कुछ सालों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेजी से सीढ़ियां चढ़ी हैं. धमाकेदार फॉर्म में चल रहे ईशान को अब टेस्ट टीम में भी जगह मिल सकती है. हालांकि, यह कंफर्म नहीं है, लेकिन इस बात की संभावना अधिक है कि नवंबर के आखिर में न्यूज़ीलैंड में होने वाले दो टेस्ट मैचों के लिए उनके नाम पर जरूर विचार किया जाएगा. भले ही टीम में उनकी कोई जगह नहीं है, लेकिन जिस तरह से इस बल्लेबाज ने दलीप ट्रॉफी फाइनल में शतक ठोका था, उसने टीम मैनेजमेंट के कुछ लोगों को जरूर प्रभावित किया है.
ईशान के दोहरे शतक ने जीता दिल
दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन टीम की कप्तानी करते हुए, ईशान ने फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ 270 और 80 रन की शानदार पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई. तीन मैचों में उन्होंने 100 से ज़्यादा की औसत से कुल 409 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट में अपनी काबिलियत फिर से साबित की और फाइनल में उन्हें 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, ईशान कि इस पारी ने मैनेजमेंट से जुड़े कुछ लोगों को प्रभावित किया है और उनका मानना है कि ईशान की टेस्ट टीम में वापसी होनी चाहिए. ईशान ने अब तक सिर्फ दो टेस्ट खेले हैं, जिनमें से आखिरी मैच तीन साल से भी ज़्यादा समय पहले खेला था.
कैसे बनेगी टीम में जगह?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर ईशान को टीम में जगह भी दी गई तो प्लेइंग इलेवन में वह किसकी जगह आएंगेय साथ ही ऋषभ पंत टेस्ट में मैनेजमेंट के पहली पंसद के विकेटकीपर हैं और उन्होंने भारत के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं. टीम में एक अन्य विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल भी है. इन दोनों ने भारत के पिछले पांच टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया. ऐसे में टीम में तीसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज की जरूरत दिखाई नहीं पड़ती है, तो चयनकर्ता उन्हें टीम में कैसे फिट करेंगे.
जब सेलेक्टर न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम चुनेंगे, तो ईशान पर चर्चा जरूर होने वाली है. और यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या नेशनल सेलेक्शन कमिटी तीन विकेटकीपर वाली स्थिति को कैसे संभालती है. एक सोच यह भी है कि दलीप ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. वैसे भी, ईशान व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मैचों में भी विकेटकीपर-बैटर के बजाय स्पेशलिस्ट बैटर के तौर पर खेलने के लिए जाने जाते हैं.
यह भी पढ़ें: हरमनप्रीत के सामने BCCI ने रखी थी शर्त, ऑफर ठुकराया और छोड़ दी तीनों फॉर्मेट की कप्तानी: रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं