कोटा शहर के बोरखेड़ा इलाके में रविवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. दो सगे भाइयों की कुछ ही समय के अंतराल में मौत हो गई. छोटे भाई की मौत की खबर सुनने के बाद बड़े भाई ने भी दम तोड़ दिया. इसके बाद दोनों भाइयों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया. एक ही चिता पर दोनों भाइयों को अंतिम विदाई दी गई.
लंबे समय से बीमार थे दुर्गालाल
75 वर्षीय दुर्गालाल कुशवाह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे. रविवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों को दुर्गालाल की मौत की सूचना दी गई.
बड़े भाई गोपाल ने तोड़ा दम
दुर्गालाल की मौत की खबर उनके 80 वर्षीय बड़े भाई गोपाल कुशवाह को भी दी गई. उस समय गोपाल घर पर बेड पर आराम कर रहे थे. परिजनों के अनुसार, छोटे भाई की मौत की खबर सुनने के कुछ ही देर बाद गोपाल की भी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया. परिजन गोपाल को तत्काल संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया. एक ही परिवार में कुछ ही समय के अंतराल में दो भाइयों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
एक साथ निकलीं दोनों भाइयों की अर्थियां
दोनों भाइयों की मौत के बाद परिवार में गम का माहौल और गहरा गया. दोनों की अर्थियां एक साथ घर से निकाली गईं. बोरखेड़ा मुक्तिधाम में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और परिचित अंतिम विदाई देने पहुंचे. यहां दोनों भाइयों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया.
छोटे भाई की मौत की खबर सुनने के कुछ ही देर बाद बड़े भाई की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया. दोनों भाइयों की एक साथ अंतिम विदाई का दृश्य देखकर वहां मौजूद परिजन और परिचित भी भावुक हो गए.
यह भी पढ़ें: प्राचीन तीर्थ स्थल लोहार्गल धाम, जहां पांडवों के अस्त्र-शस्त्र गल गए, कावड़ में जल भरकर करते हैं जलाभिषेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं