मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के बाद अब माया नगरी से हैदराबाद तक हाईस्पीड रेल दौड़ाने की तैयारी है. वहीं हैदराबाद से चेन्नई तक भी बुलेट ट्रेन पर काम शुरू हो गया है. ऐसे में मुंबई से हैदराबाद होते हुए चेन्नई तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी. मुंबई-पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन और हैदराबाद-चेन्नई हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए अलाइनमेंट तय हो गया है. नेशनल हाईस्पीड रेल कारपोरेशन के अफसर जल्द ही फाइनल ज्वाइंट सर्वे शुरू कर सकते हैं. जमीन अधिग्रहण और फंडिंग के लिए कवायद तेज होगी. सर्वे के बाद जमीन के मुआवजे की दरें तय होंगी और उसी के अनुसार मुआवज़े का निपटारा किया जाएगा.ये हाईस्पीड ट्रेन मुंबई से हैदराबाद की दूरी 2 घंटे 55 मिनट में तय करेगी.हैदराबाद बुलेट ट्रेन हब का बड़ा हब बनेगा. जहां से देश के तीन बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर निकलेंगे. हैदराबाद के शमशाबाद में 500 एकड़ के विशाल मेगा टर्मिनल पर मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु बुलेट ट्रेन के तीन कॉरिडोर मिलेंगे.
मुंबई-पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन रूट
मुंबई-पुणे-हैदराबाद का हाईस्पीड रेल कॉरिडोर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दक्षिण भारत के सबसे बड़े आईटी हब से कनेक्ट करेगा.711 से 767 किलोमीटर लंबे रूट पर अभी ट्रेन सफर में 12 से 14 घंटे लगते हैं.बुलेट ट्रेन से ये सफर लगभग 3 घंटे में होगा. इसकी अधिकतम डिजाइन स्पीड 350 किमी प्रति घंटा है, लेकिन ये 320 किमी प्रति घंटा की गति पर चलेगी. इस कॉरिडोर की डीपीआर तैयार हो गई है. तेलंगाना कैबिनेट ने इसके अलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है. जमीन अधिग्रहण से पहले मेजरमेंट सर्वे की तैयारी चल रही है. दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन भी पटना और सिलीगुड़ी से कनेक्ट होगी.
बुलेट ट्रेन स्टेशनों की लिस्ट
1. बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), मुंबई का अंडरग्राउंड मेन टर्मिनल
2. नवी मुंबई (नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास)
3. लोनावला (पश्चिमी घाट का प्रवेश द्वार)
4. पिंपरी-चिंचवड़ (पुणे का इंडस्ट्रियल एरिया)
5. पुणे (मेट्रो से इंटरकनेक्ट)
6. बारामती (कृषि व्यापार केंद्र)
7. पंढरपुर (तीर्थस्थल)
8. सोलापुर (टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स हब)
9. कलबुर्गी, गुलबर्गा (कर्नाटक का बिजनेस सेंटर)
10. विकराबाद, जहीराबाद (तेलंगाना बॉर्डर)
11. शमशाबाद (हैदराबाद में 500 एकड़ का बुलेट ट्रेन हब)
एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
यह बुलेट ट्रेन रूट मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के समानांतर चलेगा. मुंबई से पुणे की दूरी मात्र 40 से 48 मिनट में पूरी होगी.यह नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और शमशाबाद (हैदराबाद) एयरपोर्ट दोनों को सीधे जोड़ेगा. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, नवी मुंबई एयरपोर्ट के अलावा ये देश की पहली बुलेट ट्रेन के जरिये अहमदाबाद तक जुड़ जाएगा.

2. हैदराबाद-अमरावती-चेन्नई बुलेट ट्रेन रूट
हैदराबाद-चेन्नई बुलेट ट्रेन दक्षिण भारत के दो बड़े महानगरों को आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती से जोड़ेगी. 760 से 778 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन रूट चेन्नई से हैदराबाद के बीच का रेल यात्रा के समय को 12 घंटे से घटाकर ढाई से तीन घंटे का कर देगा. पहले यह रूट नलगोंडा, खम्मम और गुंटूर होकर जाने वाला था, लेकिन तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सरकार की विशेष मांग पर इसमें बड़ा बदलाव किया गया है. हैदराबाद के शमशाबाद से बुलेट ट्रेन सीधे फ्यूचर सिटी, ड्राई पोर्ट, हलिया और वाडपल्ली होते हुए आंध्र की नई राजधानी अमरावती और गुंटूर तक जाएगी.तमिलनाडु की मांग पर तिरुपति को भी रूट में जोड़ा गया है. दक्षिण मध्य रेलवे ने नया अलाइनमेंट तमिलनाडु और आंध्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजा है.
हैदराबाद-चेन्नई बुलेट ट्रेन रूट (18 स्टेशन)
1. हैदराबाद
2. शमशाबाद
3. भारत फ्यूचर सिटी
4. ड्राई पोर्ट
5. हलिया
6. वाडपल्ली
7. दाचपल्ली
8. अमरावती
9. गुंटूर
10. चिराला
11. ओंगोल
12. कावली
13. नेल्लोर
14. गुडूर
15. तिरुपति (बालाजी मंदिर)
16. तिरुवल्लूर
17. चेन्नई आउटर रिंग रोड
18. चेन्नई सेंट्रल
हैदराबाद-चेन्नई हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की कनेक्टिविटी
चेन्नई के बाहरी इलाके मिंजूर में एक नया मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी हब बनाया जाएगा, जो चेन्नई आउटर रिंग रोड से जुड़ा रहेगा.अमरावती बुलेट ट्रेन स्टेशन को नए एक्सप्रेसवे और आउटर रिंग रोड से सीधे इंटीग्रेट किया जाएगा.तमिलनाडु के हिस्से में इस रूट के लिए 11.6 किलोमीटर लंबी एक बड़ी रेल सुरंग बनाई जाएगी.
Shri Ashwini Vaishnaw Highlights Rapid Progress on India's Bullet Train Project.
— NHSRCL (@nhsrcl) September 22, 2026
Union Minister for Railways Shri Ashwini Vaishnaw highlighted the rapid progress of the Mumbai–Amdavad High-Speed Rail project, with the first section targeted to commence service in 2027.
Key… pic.twitter.com/tZZwCDlKd4
हैदराबाद बनेगा देश का पहला बुलेट ट्रेन हब
हैदराबाद का शमशाबाद का मेगा टर्मिनल तीन बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को जोड़ेगा. हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-मुंबई और हैदराबाद-चेन्नई बुलेट ट्रेन का ये मेगा प्वाइंट होगा. ये सीधे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और हैदराबाद मेट्रो फेज-2 से कनेक्ट होता है. इससे यात्रियों को लास्ट माइल कनेक्टिविटी मिलेगी.
ये भी पढ़ें - दिल्ली से 2 घंटे में लखनऊ, 4 घंटे में वाराणसी, रेलवे का हाई स्पीड प्लान, नोएडा समेत यूपी के 14 शहरों को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं