डूंगरपुर के सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव में 35 मतदान केंद्रों पर वोटिंग चल रही है. वार्ड-9 स्थित इंदिरा कॉलोनी के स्कूल नंबर-1 मतदान केंद्र पर मतदान प्रक्रिया के दौरान गंभीर अव्यवस्था सामने आई है. मतदान शुरू होने के बाद से ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में बार-बार तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान तीन बार प्रभावित हुआ, जिससे मतदाताओं में भारी रोष देखा गया. ईवीएम बदलने के बाद करीब एक घंटे बाद मतदान फिर से शुरू हुआ.
खराब हो गई ईवीएम
स्थानीय निवासी के अनुसार, सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होने के कुछ ही देर बाद 8 बजकर 10 मिनट पर 47 वोट पड़ने के बाद EVM अचानक बंद हो गई. इसके बाद मशीन को जैसे-तैसे चालू किया गया. मात्र 10-15 वोट पड़ने के बाद यह दोबारा बंद पड़ गई. यही सिलसिला आगे भी जारी रहा, और थोड़ी ही देर में तीसरी बार मशीन फिर से खराब हो गई.
बिना वोट डाले ही वापस लौटने लगे वोटर्स
बार-बार मशीन बंद होने की वजह से मतदान केंद्र पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं, और परेशान होकर कई लोग बिना अपना वोट डाले ही वापस घर लौटने को मजबूर हो गए. इसके बाद निर्वाचन विभाग की ओर से नई ईवीएम मशीन भेजी गई. मशीन बदलने के बाद करीब 1 घंटे बाद फिर से मतदान शुरू हुआ. बार-बार ईवीएम में खराबी आने की वजह से मतदान प्रभावित हुआ, और मतदाताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
किशनगढ़ में कहासुनी के बाद मारपीट
किशनगढ़ के वार्ड-38 में मतदान केंद्र के बाहर कहासुनी के बाद विवाद हो गया. वार्ड के बूथ-78 और 79 के बाहर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. घटना के बाद मतदान केंद्र के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मतदान प्रक्रिया के दौरान बूथ के बाहर निर्दलीय प्रत्याशी और एक अन्य व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. शुरुआत में दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन मामला शांत होने के बजाय बढ़ता चला गया. कुछ ही देर में दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और विवाद झड़प में बदल गया.
वार्ड 38 में मतदान के दौरान हुई इस घटना के बाद मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और बिना किसी विवाद के मतदान प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की.
(सनी उमरिया की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: राजस्थान के 147 शहरी निकायों में दूसरे चरण का मतदान जारी, 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं