विज्ञापन

नाबालिग को टक्कर मारकर भागता आरोपी और सड़क पर चिंगारी छोड़ती कार... असम से आया ये वीडियो डराने वाला है

घटना नागांव जिले के धोवा-हल्दियाती इलाके में नेशनल हाईवे-36 पर हुई. बताया जा रहा है कि कार्बी आंगलोंग की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक नाबालिग को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया.

फाइल फोटो
NDTV

असम के नागांव जिले में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की वजह से उस समय हड़कंप मच गया, जब उसने कथित तौर पर एक नाबालिग को टक्कर मार दी और फिर मौके से भाग निकली. हैरानी की बात यह रही कि गाड़ी का एक पहिया क्षतिग्रस्त होने के बावजूद स्कॉर्पियो कई किलोमीटर तक सड़क पर दौड़ती रही. पुलिस और स्थानीय लोगों के पीछा करने के बाद आखिरकार गाड़ी को रोका जा सका. इस वीडियो देख कर खतरे का अंदाजा लगाया जा सकता है.

मौके से फरार हुआ 

जानकारी के मुताबिक, घटना नागांव जिले के धोवा-हल्दियाती इलाके में नेशनल हाईवे-36 पर हुई. बताया जा रहा है कि कार्बी आंगलोंग की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक नाबालिग को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में काठियाटोली की ओर बढ़ता रहा, जबकि पुलिस और कई स्थानीय लोग उसके पीछे लगे रहे.

कई किलोमीटर घिसट कर चलती रही गाड़ी

बताया जा रहा है कि भागने के दौरान स्कॉर्पियो का एक पहिया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके बावजूद वाहन चालक नहीं रुका और गाड़ी का मेटल रिम सड़क पर घिसटते हुए कई किलोमीटर तक चलता रहा. इस वजह से सड़क पर लोगों का ध्यान भी इस वाहन की ओर गया और पीछा करने वालों की संख्या बढ़ती गई.

मामला तब और गंभीर हो गया जब यह खबर सामने आई कि भागने की कोशिश के दौरान स्कॉर्पियो ने कथित तौर पर कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी. हालांकि इन घटनाओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है.

काफी देर तक चले पीछा और अफरा-तफरी के बाद पुलिस ने नागांव जिले के नोनोई इलाके में दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को रोक लिया. वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर AS02AA0150 बताया जा रहा है.

गुस्साई भीड़ ने की तोड़फोड़

इधर, हादसे की खबर फैलते ही लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. वाहन रोके जाने के बाद गुस्साई भीड़ ने कथित तौर पर स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी और उसे नुकसान पहुंचाया. मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की.

हादसे में घायल नाबालिग को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना, वाहन के मौके से भागने और उसके बाद हुई घटनाओं की जांच की जा रही है. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: घर में घुसा नकाबपोश, धमकाया और बंदूक की नोक पर किया दुष्कर्म; भुवनेश्वर की महिला ने सुनाई खौफनाक आपबीती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com