राजस्थान के 147 शहरी निकायों में दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है. दूसरे चरण में 4,744 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता वोट डालेंगे. ज्यादातर वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है. कई जगह निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवार भी मजबूत स्थिति में हैं. कई वार्डों में त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबले हैं.
जयपुर नगर निगम में दूसरे चरण में सबसे ज्यादा 723 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि धोरीमन्ना नगरपालिका में सबसे कम 41 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं, झुंझुनूं की मंड्रेला नगरपालिका के वार्ड 13 में सिर्फ 92 मतदाता हैं.
मतदान के लिए अवकाश
सरकारी और निजी कर्मचारियों की आज छुट्टी है. दूसरे शहर में जाकर वोट डालने वाले कर्मचारियों को भी मतदान के लिए छुट्टी मिली है. मतदान के लिए अवकाश लेने पर कर्मचारियों की सैलरी नहीं कटेगी.
वोटर आईडी नहीं है तो भी डाल सकेंगे वोट
अगर किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, तो वह 11 वैकल्पिक फोटो युक्त पहचान दस्तावेजों में से किसी एक के जरिए मतदान कर सकेगा. इनमें आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, फोटो युक्त बैंक या डाकघर पासबुक, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड या स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट और फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज शामिल हैं. केंद्र या राज्य सरकार, लोक उपक्रम और पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से जारी फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों और विधायकों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा यूडीआईडी कार्ड भी मतदान के लिए मान्य दस्तावेज हैं.
पोलिंग स्टेशन की जानकारी लें
मतदाताओं को मतदान से पहले अपने पोलिंग स्टेशन की लोकेशन जरूर पता कर लेने की सलाह दी गई है. मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर मतदान केंद्र की जानकारी ले सकते हैं. इससे मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव: पहले चरण की वोटिंग खत्म, बाड़ेबंदी शुरू; पार्षद प्रत्याशियों को होटल में ठहराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं