बीकानेर नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड-50 में कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ हुए मारपीट मामले को लेकर पार्टी ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है.
बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को शिकायत भेजकर आरोप लगाया था कि वार्ड 50 में कांग्रेस प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन के दौरान दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया.
पीसीसी चीफ ने लिया एक्शन
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्रवाई की. संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने 2 सितंबर को आदेश जारी कर दोनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया.
पूर्व पार्षद श्री दीपक अरोड़ा एवं श्री मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष की अवधि के लिए निलंबित किया जाता है। pic.twitter.com/uC4j38jUtc
— Rajasthan PCC (@INCRajasthan) September 3, 2026
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर भी जांच
मामले में महिला कांग्रेस की बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष शशिकला राठौड़ की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह को पत्र भेजकर उनकी भूमिका की जांच के निर्देश दिए गए हैं.
राजस्थान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सारिका सिंह, बीकानेर शहर के वार्ड नं. 50 में घटी घटना में बीकानेर शहर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती शशिकला राठौड़ की संलिप्तता की निष्पक्ष जांच कर प्रकरण में कार्यवाही 2 दिवस के भीतर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को अवगत कराएं।… pic.twitter.com/ZyEOLwmsbL
— Rajasthan PCC (@INCRajasthan) September 3, 2026
दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश
पत्र में कहा गया है कि घटना में शशिकला राठौड़ की संलिप्तता प्रतीत होती है. ऐसे में पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए. प्रदेश कांग्रेस ने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को दो दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है.
अब नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी
वार्ड-50 की घटना ने निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को सामने ला दिया है. टिकट और चुनावी गतिविधियों के बीच पार्टी नेताओं के बीच हुए विवाद के बाद प्रदेश नेतृत्व ने कड़ा संदेश देते हुए दो नेताओं को 6 साल के लिए बाहर कर दिया है. महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष की भूमिका की जांच के आदेश से विवाद और गंभीर हो गया है. अब नजर जांच रिपोर्ट पर है. रिपोर्ट आने के बाद शशिकला राठौड़ की भूमिका को लेकर पार्टी क्या कार्रवाई करती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.
यह भी पढ़ें: भाजपा ने जिन्हें बनाया प्रत्याशी उन्हें ही टिकट की खबर नहीं, दो वार्डों में नामांकन तक नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं