नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी मैदान तैयार कर दिया है. इसी बीच दौसा नगर परिषद में भाजपा के टिकट वितरण को लेकर ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पार्टी संगठन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. भाजपा ने वार्ड-39 से साहिब और वार्ड-26 से सलीम को अपना प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन दोनों ही निर्धारित समय में नामांकन दाखिल नहीं कर पाए.
प्रत्याशी बोलीं- टिकट की जानकारी नहीं थी
वार्ड-39 से भाजपा प्रत्याशी बनाई गई साहिब का कहना है कि उन्हें पार्टी की ओर से टिकट मिलने की जानकारी ही नहीं थी. इसी वजह से वह नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंचीं. साहिब के पिता ने भी पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि टिकट देने से पहले परिवार से किसी तरह का राय-मशविरा नहीं किया गया. उन्हें बेटी को टिकट दिए जाने की जानकारी मीडिया के जरिए मिली.
वार्ड-26 में भी नहीं पहुंची नामांकन की जानकारी
वार्ड-26 से भाजपा प्रत्याशी घोषित किए गए सलीम के मामले में भी इसी तरह की स्थिति सामने आई. सलीम से संपर्क करने के लिए उनके घर पहुंचने पर वह वहां नहीं मिले. परिजनों ने भी बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है. ऐसे में दोनों वार्डों में भाजपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बावजूद नामांकन दाखिल नहीं होना चर्चा का विषय बन गया है.
संगठन की तैयारी पर उठे सवाल
मामले के सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रत्याशी घोषित करने के बाद क्या पार्टी संगठन ने उनसे संपर्क कर टिकट की जानकारी दी थी? क्या नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों ने प्रत्याशियों से समन्वय किया? चुनाव में प्रत्याशी उतारना केवल सूची जारी करने तक सीमित नहीं होता बल्कि नामांकन से लेकर प्रचार तक संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है.
चुनाव से पहले ही चर्चा में आई भाजपा
दौसा नगर परिषद चुनाव में भाजपा मजबूत तैयारी के साथ मैदान में उतरने का दावा कर रही है. लेकिन उसके ही दो घोषित प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल नहीं हो पाना पार्टी के भीतर समन्वय और चुनावी प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि टिकट वितरण के दौरान आखिर ऐसी चूक कैसे हुई. नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद सामने आया यह मामला चुनावी चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गया है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में मॉनसून का ब्रेक खत्म, कई इलाकों में बारिश; 4 सितंबर से बदल जाएगा मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं