विज्ञापन

रोहित पवार क्यों पड़े अलग-थलग? ट्रैक्टर मार्च से सुनेत्रा पवार विवाद तक, अपनों ने भी झाड़ा पल्ला

किसानों के लिए ट्रैक्टर मार्च का ऐलान, सुनेत्रा पवार पर टिप्पणी, पुणे की राजनीति में अलग रुख और बीजेपी पर लगातार हमले. रोहित पवार इन दिनों विपक्ष ही नहीं, अपनी पार्टी के भीतर भी सवालों के घेरे में हैं. आखिर क्यों शरद पवार गुट के इस युवा चेहरे को कई मोर्चों पर अकेला पड़ता हुआ देखा जा रहा है?

रोहित पवार क्यों पड़े अलग-थलग? ट्रैक्टर मार्च से सुनेत्रा पवार विवाद तक, अपनों ने भी झाड़ा पल्ला
रोहित पवार क्यों पड़ गए अकेले? ट्रैक्टर मार्च पर पार्टी ने भी झाड़ा पल्ला
NDTV
  • रोहित पवार क्यों पड़ गए चौतरफा घिराव में? ट्रैक्टर मार्च, सुनेत्रा पवार विवाद और पार्टी से दूरी
  • बीजेपी के निशाने पर रोहित पवार, मंत्रियों ने कहा- संस्कार भूल गए
  • पुणे की राजनीति में सुप्रिया सुले और रोहित पवार के अलग-अलग सुर
मुंबई:

महाराष्ट्र की राजनीति में आक्रामक तेवर अपनाने वाले एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार इन दिनों चौतरफा सियासी घेराबंदी का सामना कर रहे हैं. एक तरफ वे सूखा, किसान आत्महत्या, परीक्षा घोटाले, पुणे की कानून-व्यवस्था और अजित पवार के विमान हादसे जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उन्हें न केवल सत्तापक्ष बल्कि अपनी ही पार्टी के भीतर भी असहज सवालों और विरोध का सामना करना पड़ रहा है. पार्टी सूत्रों और सियासी बयानबाजियों के मुताबिक, रोहित पवार की मौजूदा मुश्किलों की एक बड़ी वजह उनका बिना सामूहिक सलाह-मशविरे के बड़े आंदोलनों का ऐलान करना है.

ट्रैक्टर मार्च बना विवाद की सबसे बड़ी वजह, पार्टी नेताओं को विश्वास में नहीं लिया

रोहित पवार ने 4 से 9 दिसंबर तक बुलढाणा के शेगांव से नागपुर विधानसभा तक किसानों और शेतमजूरों का छह दिवसीय ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि इस मार्च में किसी पार्टी का झंडा या चुनाव चिह्न नहीं होगा, बल्कि केवल शरद पवार की तस्वीर रहेगी, जिसके समर्थन में बारामती के काटेवाडी में बैनर भी लग गए हैं

एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता प्रवीण कुंटे पाटील ने स्वीकार किया कि ऐसी घोषणा करते समय पार्टी नेताओं को विश्वास में नहीं लिया गया. खबर यह भी सामने आई कि विदर्भ के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों को इस मार्च से दूर रहने के संदेश दिए गए

इसी खींचतान के बीच 26 नवंबर को मुंबई के वाई.बी. चव्हाण सेंटर में कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों की अहम बैठक बुलाई. हालांकि प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने मार्च के विरोध की खबरों को निराधार बताते हुए कहा कि किसी ने बात का बतंगड़  बना दिया है, लेकिन उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि यह पार्टी का नहीं बल्कि रोहित पवार का “व्यक्तिगत निर्णय” है.

शिंदे ने नसीहत भरे लहजे में कहा कि यह शरद पवार की पार्टी है और बड़े फैसले सामूहिक चर्चा से होने चाहिए, यदि रोहित पार्टी का झंडा-चिह्न लेकर चलते, तो सभी नेता 100% उनके साथ उतरते.

रोहित पवार ने दावा किया कि 4 दिसंबर के ट्रैक्टर मार्च को गैर-राजनीतिक रखा जाएगा, उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, अतुल लोंढे और उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं से समर्थन मांगा है. लेकिन कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने यह कहकर दूरी बना ली कि रोहित पवार उनकी पार्टी में नहीं हैं और कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी अपना अलग स्वतंत्र आंदोलन करने की तैयारी कर रहे हैं.

सुनेत्रा पवार पर टिप्पणी कर भी घिरे रोहित

पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर हुई फायरिंग और कोयता हमले के बाद कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए रोहित पवार का एक बयान उन पर ही भारी पड़ गया. उन्होंने कहा था कि प्रशासन पर अजित दादा का जैसा दबदबा और वचक था, वैसी क्षमता अभी नई होने के कारण उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार में नहीं दिखती, इसलिए उनकी पार्टी के नेताओं को उन्हें और सशक्त करना चाहिए

हालांकि चौतरफा घिरने के बाद रोहित पवार ने अपने आक्रामक शब्दों के लिए माफी मांग ली, लेकिन पार्टी के भीतर नाराजगी कम नहीं हुई. एनसीपी (SP) के एक वरिष्ठ नेता ने उन्हें सार्वजनिक बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह दी.

पुणे के पालकमंत्री पद को लेकर सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया था, लेकिन रोहित पवार ने इसका विरोध करते हुए कहा कि CM फडणवीस को पालकमंत्री न बनाया जाए, वरना पुणे बर्बाद हो जाएगा. इसके बजाय उन्होंने पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को तत्काल बदलने की मांग की और आरोप लगाया कि वे गार्डियन मिनिस्टर की नहीं बल्कि केवल गृहमंत्री फडणवीस की सुनते हैं.

इस बयान के विरोध में अजित पवार गुट की महिला आघाड़ी ने पुणे के सारसबाग में विरोध प्रदर्शन किया. वहीं, मावल के विधायक सुनील शेळके ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सुनेत्रा पवार सुबह 7 बजे से पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और रोहित पवार केवल सुर्खियों के लिए अपने ही परिवार पर निराधार आरोप लगा रहे हैं.

उधर, पवार परिवार के हमलों की काट निकालने के लिए सुनेत्रा पवार ने भी अपने मंत्रियों के साथ देर रात रणनीति बैठक की.

बीजेपी का पलटवार

सुनेत्रा पवार के पक्ष में उनकी पार्टी के बड़े मंत्री नेता भले ना खड़े दिखे हों, लेकिन रोहित पवार के आक्रामक तेवरों पर बीजेपी नेताओं ने ज़रूर पलटवार किया. BJP के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने रोहित पर “संस्कार और संस्कृति” भूलने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुनेत्रा पवार पर उनकी टिप्पणी अनुचित है और पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार अच्छा काम कर रहे हैं. वहीं, मंत्री मेघना बोर्डीकर ने रोहित को अपना राजनीतिक कद देखकर टीका करने की नसीहत दी. बीजेपी नेता परिणय फुके ने तंज कसते हुए कहा कि रोहित पवार को सबसे पहला ट्रैक्टर मार्च अपनी ही संस्था 'बारामती एग्रो' पर निकालना चाहिए और किसानों को गन्ने का उचित भाव और बकाया पैसा देना चाहिए.

आखिर क्यों बढ़ रही है बेचैनी?

मौजूदा घटनाक्रमों के आधार पर रोहित पवार की इस घेराबंदी के पीछे चार प्रमुख कारण उभरकर सामने आते हैं.

पहला कारण- संगठन से आगे निकलने की छवि : पार्टी को विश्वास में लिए बिना आंदोलनों की घोषणा करने से पार्टी के भीतर यह संदेश जा रहा है कि वे समानांतर नेतृत्व खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वरिष्ठ नेताओं में असहजता है.

दूसरा कारण- सत्तापक्ष पर सीधा और व्यक्तिगत हमला : सूखे, 17% बुआई का हवाला देते हुए इसे 1972 से भी भयावह स्थिति बताना और माइक्रोफाइनेंस वसूली पर आरबीआई की रोक की मांग, सीईटी परीक्षा में 25-30 लाख रुपये के पर्सेन्टाईल घोटाले, जिसके अतिरिक्त सबूत उन्होंने 26 नवंबर को मुंबई पुलिस आयुक्त को सौंपे और अजित पवार के विमान हादसे की जांच जैसे संवेदनशील मुद्दों पर रोहित सीधे मुख्यमंत्री और गृह विभाग को निशाने पर ले रहे हैं.

तीसरा कारण - डिलिमिटेशन और बीजेपी के प्रति सख्त रुख : जहां डिलिमिटेशन बिल पर सुप्रिया सुले के रुख का बीजेपी स्वागत कर रही है, वहीं रोहित पवार ड्राफ्ट सामने आने तक समर्थन न देने और बीजेपी के साथ किसी भी तरह की नरमी या विलय के खिलाफ मुखर हैं.

चौथा कारण - परिवार की संवेदनशील राजनीति : अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार की प्रशासनिक क्षमता पर सवाल उठाने से उन्हें सहानुभूति के बजाय परिवार के भीतर ही असंवेदनशील होने के आरोपों का सामना करना पड़ा, जिसका सीधा सियासी फायदा सत्तापक्ष ने उठाया.

यह भी पढ़ें : 'अजित दादा से प्यार इसलिए बेचैन हैं रोहित', NCP के विलय पर बोलीं सुप्रिया- कुछ नहीं कहना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rohit Pawar, NCP Sharad Pawar, Tractor March, Sunetra Pawar, Supriya Sule
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com