एनसीपी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने कल आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस वीएसआर वेंचर्स के मालिकों को बचा रहे हैं. वीएसआर विमान हादसे में ही अजित पवार की जान गई थी. अब रोहित पवार के आरोपों पर सुप्रिया सुले ने भी जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि रोहित और अजित दादा के बीच प्यार का रिश्ता था, घटना से रोहित बेचैन हैं. हालांकि, उन्होंने रोहित के आरोपों पर कोई सीधा उत्तर देने से मना कर दिया. उन्होंने कहा कि इसपर शरद पवार ही जवाब देंगे. एनसीपी के विलय के सवाल पर सुले ने कहा कि उन्हें इस मामले पर कुछ नहीं बोलना है.
बारामती से सांसद सुले ने कहा कि शरद पवार ने 60 सालों में कभी निजी आरोप नहीं लगाए हैं. उन्होंने साथ ही कहा कि सीएम फडणवीस ने भी कहा है कि सच बाहर आना चाहिए. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने भी इसपर अपनी बात रखी है और मामले का संज्ञान लिया है.
रोहित पवार के आरोपों पर सुले
सुले ने कहा कि मैंने रोहित पवार की पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं देखी है क्योंकि मैं दिल्ली गई थी. उन्होंने कहा कि आज सुबह अखबारों में मैंने यह खबर पढ़ी. सुले ने कहा कि कल सीएम फडणवीस ने अमित शाह के सामने सार्वजनिक तौर पर यह मांग की है कि दादा अजित पवार के साथ जो घटना हुई, उसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए और महाराष्ट्र की जनता को सच बताया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि फडणवीस ने साफ कहा है कि सच बाहर आना ही चाहिए।
सुले ने कहा कि अब हम सबको रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए. यह विषय केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है. उन्होंने कहा कि रोहित पवार के बयानों पर जवाब पवार साहब ही देंगे. पिछले छह दशकों की उनकी राजनीति में उन्होंने कभी किसी पर निजी आरोप-प्रत्यारोप नहीं किए हैं. उनकी राजनीति करने का तरीका हमेशा से अलग और गरिमामय रहा है.
पार्टी के विलय के सवाल पर
कल भी मैंने यही कहा था और आज भी मैं सिर्फ इतना ही कहूंगी, इस विषय पर राम कृष्ण हरी यानी मुझे इस पर कुछ नहीं बोलना है!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं