- शरद पवार, छगन भुजबल और दिलीप वल्से पाटिल पुणे के ओतूर में एक साथ सार्वजनिक मंच पर नजर आएंगे
- शरद पवार 21 नवंबर से बीमारी के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में फिर से सक्रिय हो रहे हैं
- छगन भुजबल और दिलीप वल्से-पाटिल अजित पवार के गुट के नेता हैं
महाराष्ट्र में पिछले काफी समय से चल रहीं एनसीपी के विलय की अटकलों के बीच शरद पवार, छगन भुजबल और दिलीप वलसे पाटिल शनिवार को एक ही मंच पर दिखाई देंगे. पुणे के ओतूर में आज एक कार्यक्रम होने जा रहा है. इस कार्यक्रम में शरद पवार, अजित गुट मंत्री छगन भुजबल और दिलीप वाल्से-पाटिल के साथ एक मंच पर नजर आएंगे. इलाज के बाद शरद पवार आज से सक्रिय होंगे.
बीमारी के बाद पहली बार एक्टिव होंगे शरद पवार
पुणे जिले के ओतूर में राज्यव्यापी सत्यशोधक समाज अधिवेशन का कार्यक्रम होना है. जिसका उद्घाटन शरद पवार करेंगे. बीमारी के बाद शरद पवार 21 नवंबर से सार्वजनिक कार्यक्रमों में दोबारा सक्रिय हो रहे हैं. उनके बीमार रहते हुए बीते कुछ दिनों में एनसीपी के विलय पर चर्चा बेहद गर्म रही. ओतूर का यह अधिवेशन इलाज के बाद शरद पवार की अजीत गुट के नेताओं के साथ पहली सार्वजनिक मौजूदगी है, जिससे उनके समर्थकों और राजनीतिक हलकों में खासा उत्साह है.
शरद पवार और अजित गुट के नेता एक मंच पर
दरअसल NCP के दो गुटों में बंटने के बाद से छगन भुजबल और दिलीप वाल्से-पाटिल अजित पवार गुट का हिस्सा हैं. राजनीतिक मतभेदों और पहले हुई तीखी बयानबाजी के बावजूद, इन तीनों बड़े नेताओं का एक ही मंच साझा करना महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है. दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाओं के बीच छगन भुजबल ने अस्पताल जाकर शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी, और कहा था कि उनके जीवन में बाल ठाकरे और शरद पवार दो प्रमुख नेता रहे हैं, भले ही आज राजनीतिक रूप से दल अलग हों.
सत्यशोधक अधिवेश क्या है?
सत्यशोधक अधिवेशन यानी सत्य की खोज करने वालों का समाज, एक वैचारिक और सामाजिक सम्मेलन होता है. इसमें महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले के सामाजिक सुधार के विचारों, सार्वजनिक शिक्षा, किसानों की समस्याओं और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर चर्चा की जाती है. इसकी स्थापना महात्मा जोतिराव फुले ने 24 सितंबर 1873 को पुणे में की थी. इसका मुख्य लक्ष्य समाज के वंचित वर्गों, किसानों, दलितों और महिलाओं को सामाजिक समानता,शिक्षा और अधिकार दिलाना और जातिगत भेदभाव और अंधविश्वास को खत्म करना है.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं