- पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखी चिट्ठी
- पूर्व चीफ जस्टिस ने कॉलेजियम सिस्टम को लेकर ही सवाल उठाए
- उन्होंंने आरोप लगाया है कि कॉलेजियम एक विशेष समुदाय की नियुक्तियों को प्राथमिकता दे रहा है
भारत के पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति तथा तबादलों में सामाजिक प्रतिनिधित्व और विविधता के सिद्धांतों की अनदेखी पर गंभीर चिंता जताई है. पूर्व चीफ जस्टिस ने कॉलेजियम सिस्टम के कामकाज को लेकर ही सवाल उठा दिए हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि कॉलेजियम एक विशेष समुदाय को नियुक्तियों में प्राथमिकता दे रहा है. उन्होंने कहा कि उनके चीफ जस्टिस रहते कॉलेजियम में एससी, एसटी ओबीसी, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के प्रतिनिधित्व का ख्याल रखा जाता था.
संसद के आंकड़ों का दिया हवाला
27 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में जस्टिस गवई ने कहा है कि हाल के घटनाक्रमों से ऐसा प्रतीत होता है कि कॉलेजियम व्यवस्था में योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है और एक विशेष समुदाय को नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जा रही है. जस्टिस गवई ने कहा कि उनके CJI रहते हुए कॉलेजियम में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, OBC, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा जाता था. उन्होंने संसद में दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2018 से नियुक्त 715 हाईकोर्ट जजों में केवल 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे.
हाईकोर्ट के जजों की नियुक्ति में भी असमानता का आरोप
उन्होंने कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों में सामान्य वर्ग का प्रतिनिधित्व करीब 80 फीसदी रहा, जबकि OBC समुदाय का प्रतिनिधित्व लगभग 14 फीसदी बताया गया. जस्टिस गवई ने सुप्रीम कोर्ट में एक विशेष समुदाय के बढ़ते प्रतिनिधित्व पर भी सवाल उठाए और कहा कि देश की आबादी में 5 फीसदी से कम हिस्सेदारी रखने वाले समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में प्रतिनिधित्व 40 फीसदी से अधिक हो गया है. उन्होंने हाईकोर्ट के जजों के तबादलों में भी असमानता का आरोप लगाया. उनके मुताबिक, एक मेहनती और मेधावी मुख्य न्यायाधीश को छोटे हाईकोर्ट में भेजा गया, जबकि दूसरे जज को बड़े और प्रतिष्ठित हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई.
राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
जस्टिस गवई ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 124(2) के तहत सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति में राष्ट्रपति की भूमिका महत्वपूर्ण है. कॉलेजियम की सिफारिशों को अंतिम मानकर राष्ट्रपति कार्यालय अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता. उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि वह इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करें और भारतीय लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ न्यायपालिका में समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं. पत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई है. पत्र में जस्टिस गवई ने कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल के फैसलों में विविधता, समावेश और मेरिट के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है.
यह भी पढ़ें | बिहार सरकार ने कैसे दिया था आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश? Remission Policy के बारे में जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं