जिस श्रीनगर को हम झीलों, पहाड़ों और हिमालय की साफ-सर्द हवाओं के लिए जानते हैं, वह इस समय जहरीली हवाओं की वजह से दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है. खबर लिखे जाने के वक्त AQI.in नाम के एक थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के अनुसार, 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 558 था, जिससे यह दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया. दूसरी तरफ नई दिल्ली का AQI 190 बताया गया था.

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के AQI आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिला. CPCB के सरकारी आंकड़ों के अनुसार कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में AQI 145 था, जो 'मध्यम' या मॉडरेट श्रेणी में आता है.

NDTV के अपने ट्रैकर के अनुसार श्रीनगर का AQI 450 के पार है. आप अपने शहर का AQI जानने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं.

आंकड़ों से परे सवाल है कि श्रीनगर की हालत ऐसी क्यों हो सकती है. कश्मीर घाटी में बसा और पहाड़ों से घिरा श्रीनगर कुछ खास मौसम की स्थिति में हवा के कम चलने की समस्या झेल सकता है. जब हवाएं कमजोर होती हैं, तो गाड़ियों, घरों में हीटिंग और दूसरे सोर्स से निकलने वाले प्रदूषक जमीन के पास ही फंसे रह जाते हैं.
इस समय कड़ाके की सर्द झेल रहा श्रीनगर
शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही. न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "आज श्रीनगर में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 2 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है. रात में आसमान साफ रहने के कारण, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और भी गिर सकता है."
अधिकारी ने बताया, "3 दिसंबर तक मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है. 3 दिसंबर के बाद एक 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (WD) आने की संभावना है, जिसके बाद एक और 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' आ सकता है. 10 दिसंबर तक मौसम खराब और नमी वाला बना रहेगा."
'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' भूमध्य सागर में उठने वाला एक तूफान है, जिसके कारण भारत, पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश में बारिश या बर्फबारी होती है. रबी की फसल की पैदावार काफी हद तक इन देशों में 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' की सक्रियता पर निर्भर करती है. रात की कड़ाके की ठंड के कारण, श्रीनगर और घाटी के अन्य इलाकों में रात के समय खुले में खड़ी गाड़ियों के शीशों और अन्य सतहों पर पाला (बर्फ की परत) जम गया. शुक्रवार को गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें | आज यूपी-बिहार से राजस्थान तक शीतलहर का अलर्ट, 13 राज्यों में घना कोहरा, दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं