विज्ञापन

"यहां बहन-बेटी रहती हैं, खड़े मत हुआ करो", महिला की बात सुनकर भड़क गया शख्स, देसी कट्टे से भूना

महिला ने पड़ोस में रहने वाले युवक को घर के सामने खड़े होने पर टोक दिया था. उसे यह रास नहीं आया तो महिला से बदला लेने की ठानी और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी.

"यहां बहन-बेटी रहती हैं, खड़े मत हुआ करो", महिला की बात सुनकर भड़क गया शख्स, देसी कट्टे से भूना
महिला खेत से लौट रही थी, तभी आरोपी ने घात लगाकर हमला कर दिया.

राजस्थान के डीग में बेटी के सामने उसकी मां को गोलियों से भून दिया. महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया. उस महिला का 'कसूर' बस इतना था कि घर के बाहर मौजूद एक शख्स को उसने चले जाने के लिए कहा. महिला की यह बात उसे नागवार गुजरी और आरोपी ने देसी कट्टे से ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. जनुथर इलाके के मवई गांव में दिनदहाड़े मर्डर के बाद हड़कंप मच गया है. घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस जाब्ता तैनात है.

खेत से लौट रही थी महिला, घात लगाकर हमला

महिला ने आरोपी को अपने घर के सामने खड़े होने और बदतमीजी करने पर टोक दिया था. आरोपी ने इसी बात से रंजिश पाल ली और खेत से चारा लेकर लौट रही महिला पर घात लगाकर हमला कर दिया. लहूलुहान हालत में पीड़िता को भरतपुर के आरबीएम (RBM) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.  

आरोपी ने दी थी धमकी- 1 घंटे में सबको मार दूंगा

मृतक महिला गीता की बेटी ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाला युवक आए दिन उनके घर के गेट के सामने आकर खड़ा हो जाता था. रविवार (2 अगस्त) को उसके माता-पिता ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया और कहा कि यहां बहन-बेटी रहती हैं, गेट के सामने खड़े मत हुआ करो. इस बात पर आरोपी आग बबूला हो गया. उसने सरेआम गाली-गलौज और बदतमीजी की. विवाद बढ़ता देख मां गीता ने आरोपी को सबक सिखाने के लिए एक थप्पड़ जड़ दिया. तभी आरोपी ने धमकी दी कि एक घंटे में तुम सबको जान से मार डालूंगा. 

बेटी के सामने मां पर दाग दी गोली

दोपहर को जब गीता अपनी बेटी के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर पैदल घर लौट रही थी, तभी रास्ते में आरोपी अवैध कट्टा लहराते हुए सामने आ धमका. आरोपी ने सीधे गीता पर फायर किया और महिला गोली लगते ही चीखती हुई जमीन पर गिर पड़ी. मां को खून से लथपथ देख बेटी चीखती रही, लेकिन आरोपी हथियार लहराता हुआ मौके से फरार हो गया.

डीग पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने कहा हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और एक हथियार भी बरामद किया है. पकड़े गए आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है. एसपी ने साफ किया कि आरोपी का साथ देने वाले बदमाशों को भी बख्शा नहीं जाएगा. 

यह भी पढ़ेंः बर्थडे सेलिब्रेशन में ऐसी गलती कि जेल पहुंच गया युवक, ऑनलाइन ग्रुप '007 गैंग' से जुड़ा था आरोपी


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deeg Murder Case, Rajasthan News, Crime News, Deeg News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com