महाराष्ट्र के ठाणे सिविल अस्पताल में गुरुवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई. अस्पताल की लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई, जिससे उसमें सवार 4 से 5 मरीज अंदर फंस गए. लिफ्ट में एक नवजात बच्चा भी मौजूद था, जिसके कारण परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई.
सलाइन लगी हालत में फंसे रहे मरीज
जानकारी के अनुसार लिफ्ट में मौजूद कुछ मरीजों के हाथों में सलाइन की सुई लगी हुई थी. अचानक लिफ्ट रुकने के बाद अंदर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई. बंद जगह में फंसे मरीज लगातार मदद का इंतजार करते रहे जबकि बाहर मौजूद अस्पताल कर्मियों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू कर दी.
सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने तकनीकी कर्मचारियों की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया और अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
हालांकि सभी मरीजों का सुरक्षित रेस्क्यू हो गया, लेकिन घटना ने अस्पताल की तकनीकी व्यवस्था और उपकरणों के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थानों में ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं. अब उम्मीद की जा रही है कि लिफ्ट में आई खराबी की जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें-
मॉनसून में सुधार के बावजूद बारिश की कमी से जूझ रहे 12 राज्य, मेघालय सबसे ज्यादा प्रभावित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं