महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नादेड़ के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हमले के पीछे की वजह, आरोपी की मंशा और किसी संभावित साजिश के एंगल की गहन जांच की जाए. साथ ही घटना के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सुखबीर सिंह बादल से बात भी की है.
आरोपी गिरफ्तार, चोटिल हुए सुखबीर बादल
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट लगी है. उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. हमले के बाद बादल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है.
अस्पताल पहुंचे समर्थक
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक अस्पताल पहुंचे. हमले से पहले सुखबीर सिंह बादल ने अपने परिवार के साथ धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. बताया जा रहा है कि दिन में उन्होंने तख्त श्री पटना साहिब के दर्शन भी किए थे.
पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला
सुखबीर सिंह बादल पहले भी हमलावरों के निशाने पर रह चुके हैं. इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में उन पर जानलेवा हमला हुआ था. उस दौरान भी वह बाल-बाल बच गए थे. ऐसे में नादेड़ की घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें-
सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला, पुलिसकर्मी भी घायल; अस्पताल में भर्ती
सुखबीर सिंह बादल क्यों आते रहे हैं निशाने पर, अमृतसर में भी हुआ था जानलेवा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं