विज्ञापन

सुनेत्रा से प्रशांत किशोर की मुलाकात, बीजेपी ने क्यों दे दी NCP को नसीहत?

बांकीपुर उपचुनाव जीत के बाद प्रशांत किशोर ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की. सूत्रों के अनुसार उन्होंने NCP संगठन में बदलाव, राज्य दौरे और महिला केंद्रित राजनीतिक रणनीति पर सुझाव दिए.

सुनेत्रा से प्रशांत किशोर की मुलाकात, बीजेपी ने क्यों दे दी NCP को नसीहत?
बांकीपुर जीत के बाद महाराष्ट्र में सक्रिय हुए प्रशांत किशोर, सुनेत्रा पवार से की अहम मुलाकात
मुंबई:

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की महाराष्ट्र में हुई एक अहम राजनीतिक मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है. गुरुवार को मुंबई में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख सुनेत्रा पवार से उनकी मुलाकात हुई. आधिकारिक तौर पर बैठक के एजेंडे का खुलासा नहीं किया गया, लेकिन सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति, संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने संगठन में बदलाव से लेकर महिला और युवा मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.

देवगिरी पर हुई मुलाकात

सूत्रों के अनुसार प्रशांत किशोर ने दक्षिण मुंबई स्थित सरकारी आवास ‘देवगिरी' में सुनेत्रा पवार से मुलाकात की. राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को महाराष्ट्र की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और एनसीपी के भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. कुछ महीने पहले हुई पहली मुलाकात के बाद उनके बेटे और राकांपा नेता पार्थ पवार ने कहा था कि किशोर उनके परिवार के परिचित हैं. सुनेत्रा पवार के पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनसे यह दूसरी मुलाकात है.

ये रहा आवास में जाने का Video

संगठन में बड़े फेरबदल का सुझाव

सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर ने पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए व्यापक बदलाव की सलाह दी. उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश संगठन में तीन से चार वर्ष से एक ही पद पर कार्यरत पदाधिकारियों को बदलकर नए लोगों को जिम्मेदारी दी जाए. बताया गया है कि संगठन में युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाते हुए नई टीम तैयार करने पर जोर दिया गया. उनका मानना था कि बदलते राजनीतिक माहौल में नए चेहरों को अवसर देने से संगठन को नई ऊर्जा मिल सकती है.

सुनेत्रा और पार्थ पवार के राज्यव्यापी दौरे पर जोर

बैठक में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई. सूत्रों के अनुसार प्रशांत किशोर ने सुझाव दिया कि सुनेत्रा पवार और एनसीपी नेता पार्थ पवार महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों का दौरा शुरू करें. उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने से संगठन की पकड़ मजबूत होगी और पार्टी का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचेगा.

मुलाकात के बाद आवास से बाहर निकलते हुए प्रशांत किशोर

सप्ताह में दो दिन संगठन और प्रशासन को देने की सलाह

सूत्रों का दावा है कि प्रशांत किशोर ने सुनेत्रा पवार को सप्ताह में कम से कम दो दिन संगठनात्मक और प्रशासनिक कामकाज के लिए निर्धारित करने का सुझाव दिया. उनका मानना था कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल राजनीतिक लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

‘माझी लाडकी बहिन योजना' पर फोकस

इस बैठक में महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ‘माझी लाडकी बहिन योजना' को प्रभावी तरीके से प्रचारित करने पर भी चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक योजना के लाभार्थियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित करने और महिलाओं के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का सुझाव दिया गया. इसके जरिए महिला मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर विचार हुआ.

बीजेपी ने दे दी यह नसीहत

इस मुलाकात को लेकर बीजेपी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी का कहना है कि महायुति गठबंधन की एकता सबसे बड़ी प्राथमिकता है. ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे अलायंस को नुकसान पहुंचे. महारष्ट्र के राजस्व मंत्री और बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले के इस बयान को एक तरह से चेतावनी की तरह देखा जा रहा है.

‘पहली महिला उपमुख्यमंत्री' के रूप में प्रोजेक्ट करने का सुझाव

सूत्रों के अनुसार प्रशांत किशोर ने सुनेत्रा पवार की राजनीतिक पहचान को और मजबूत करने के लिए उन्हें महाराष्ट्र की "पहली महिला उपमुख्यमंत्री" के रूप में प्रमुखता से प्रस्तुत करने की सलाह दी. वहीं बैठक में सरकार के कामकाज को लेकर भी चर्चा हुई. सूत्रों के अनुसार प्रशांत किशोर ने एनसीपी कोटे के मंत्रियों के प्रशासनिक और संगठनात्मक प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन करने का सुझाव दिया. जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारियों में बदलाव और संगठनात्मक पुनर्गठन की भी सलाह दी गई ताकि सरकार और पार्टी दोनों की कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके.

यह भी पढ़ें : NCP अध्यक्ष चुनाव विवाद पर सुनील तटकरे का पलटवार, बोले- सुनेत्रा पवार का चुनाव पूरी तरह वैध

यह भी पढ़ें : Exclusive: बीजेपी बांकीपुर हार गई इसका मतलब ये नहीं वो कमजोर हो गई, जीत के बाद प्रशांत किशोर ने क्यों कहा ऐसा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prashant Kishor, Sunetra Pawar, Parth Pawar, NCP Maharashtra, Maharashtra Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com