जयपुर में एक 35 वर्षीय महिला ने होम लोन की EMI को लेकर तनाव में आकर अपनी जान दे दी. मृतक महिला की पहचान मनीषा के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, नया घर खरीदने के बाद से वह लगातार किस्त चुकाने की चिंता में रहती थी. होम लोन की पहली EMI 15 अगस्त को जमा होनी थी. जिसके बाद वह फंदे से लटक गई. मृतका का पति जयपुर में ही मूर्ति बनाने का काम करता है.
नए घर में शिफ्ट करने की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, मनीषा और उनके पति ओमप्रकाश फिलहाल करतारपुरा की महावीर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे. कुछ दिन पहले ही हाथोज क्षेत्र में करीब 49 लाख रुपये का मकान खरीदा गया था, जिसके लिए 44 लाख रुपये का होम लोन लिया गया था. मकान की रजिस्ट्री आठ दिन पहले ही मनीषा के नाम कराई गई थी और देवउठनी एकादशी के बाद परिवार के नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी चल रही थी.
बच्चों को बाहर खेलने भेज फंदे लटकी महिला
बुधवार शाम मनीषा ने पति और दोनों बेटों के साथ चाय पी. इसके बाद पति मोबाइल ठीक कराने के लिए बाहर चले गए. उनके जाने के बाद मनीषा ने दोनों बच्चों को बाहर खेलने भेज दिया और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटक गई. कुछ देर बाद घर लौटे पति ने दरवाजा खटखटाया और कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
लोन की EMI को लेकर मानसिक तनाव में थी मनीषा
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो मनीषा फंदे से लटकी मिली. सूचना मिलने पर महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतका के पति ओमप्रकाश जयपुर में मूर्ति बनाने का काम करते हैं. परिवार में दो बेटे हैं. परिजनों ने बताया कि मनीषा लंबे समय से EMI को लेकर मानसिक दबाव में थी. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं-
3 बच्चों का बाप, महिला के कपड़े पहने फंदे से लटका मिला, रहस्यमय मौत ने पुलिस को उलझाया
जयपुर में शिक्षकों का धरना खत्म, राजस्थान में जल्द लागू होगी ट्रांसफर नीति; मदन दिलावर का आश्वासन
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं