विज्ञापन

शरद पवार से अस्पताल में मिले प्रफुल्ल पटेल, सेहत का जाना हाल; अमित शाह संग बैठक पर भी हुई चर्चा

सूत्रों के अनुसार मुलाकात के दौरान शरद पवार ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई अजित पवार गुट की बैठक के बारे में भी जानकारी ली.

शरद पवार से अस्पताल में मिले प्रफुल्ल पटेल, सेहत का जाना हाल; अमित शाह संग बैठक पर भी हुई चर्चा
शरद पवार से अस्पताल में मिले प्रफुल्ल पटेल.
  • मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल ने वरिष्ठ नेता शरद पवार से मुलाकात की।
  • शरद पवार की तबीयत पहले से बेहतर है और वे नियमित फुल बॉडी चेकअप के लिए अस्पताल में हैं।
  • मुलाकात में शरद पवार ने देश, महाराष्ट्र की राजनीति और अंतरराष्ट्रीय हालात पर चर्चा की।

मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एनसीपी (अजित पवार गुट) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने वरिष्ठ नेता शरद पवार से मुलाकात की. यह मुलाकात केवल स्वास्थ्य संबंधी हालचाल तक सीमित नहीं रही बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं. महाराष्ट्र की राजनीति में जारी उठापटक के बीच दोनों नेताओं की बातचीत चर्चा का विषय बनी हुई है.

प्रफुल्ल पटेल ने बताया, अब बेहतर है शरद पवार की तबीयत

मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि शरद पवार की तबीयत पहले से काफी बेहतर है. उन्होंने कहा कि पवार को कुछ समय से थकान महसूस हो रही थी. इसी कारण वे पहले पुणे के रूबी अस्पताल गए थे. इसके बाद वे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में नियमित फुल बॉडी चेकअप के लिए पहुंचे हैं. पटेल के अनुसार डॉक्टरों की निगरानी में उनकी जांच चल रही है और चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है.

अस्पताल में भी राजनीति और दुनिया भर की खबरों पर नजर

प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि शरद पवार पूरी तरह सक्रिय नजर आए. उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान पवार ने देश और महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर चर्चा की. इतना ही नहीं उन्होंने अमेरिका में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर भी जानकारी ली. पटेल के मुताबिक पवार हमेशा की तरह उत्साहित और हंसमुख दिखाई दिए.

अमित शाह के साथ हुई बैठक पर भी हुई बातचीत

सूत्रों के अनुसार मुलाकात के दौरान शरद पवार ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई अजित पवार गुट की बैठक के बारे में भी जानकारी ली. बताया जा रहा है कि इस बातचीत में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगे की संभावित रणनीतियों पर भी चर्चा हुई.

राजनीतिक अलगाव के बावजूद कायम है निजी रिश्ता

प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि भले ही राजनीतिक रास्ते अलग हो गए हों लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक संबंध आज भी पहले जैसे मजबूत हैं. उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर शरद पवार से मिलते रहते हैं और दोनों के बीच आपसी सम्मान बना हुआ है. अजित पवार गुट के अलग होने के बाद एनसीपी की राजनीति में कई बदलाव देखने को मिले हैं. ऐसे समय में शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर रही है. हालांकि इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है लेकिन राजनीतिक जानकार इसके दूरगामी संकेत भी तलाश रहे हैं.

यह भी पढ़ें | पुणे से डिस्चार्ज होने के बाद मुंबई में भर्ती हुए शरद पवार, PM मोदी ने फोन कर जाना हालचाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sharad Pawar, Praful Patel, Amit Shah
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com