पंजाब में नशे का मुद्दा अब केवल कानून-व्यवस्था या सामाजिक चिंता का विषय नहीं रह गया है, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव का एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है. इसकी वजह भी स्पष्ट है.नशे की समस्या ने राज्य के हजारों परिवारों को प्रभावित किया है. युवाओं का भविष्य, परिवारों की चिंता और नशा तस्करी से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियां इसे ऐसा संवेदनशील मुद्दा बनाती हैं, जिससे पंजाब का शायद ही कोई क्षेत्र अछूता हो. यही कारण है कि नशा मुक्त पंजाब का संकल्प लेकर बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लोगों के बीच पहुंच रहे हैं. नशा मुक्त पंजाब यात्राओं और जनसंपर्क अभियानों के जरिए दोनों दल इस मुद्दे को गांवों, कस्बों और शहरों तक ले जा रहे हैं. इन अभियानों को मिल रही जनभागीदारी से भी स्पष्ट है कि नशे का सवाल पंजाब के लोगों की बड़ी चिंता है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 30 सितंबर को जालंधर में बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समापन पर राज्य को 31 दिसंबर, 2029 तक नशा मुक्त बनाने की समय सीमा घोषित की थी. इसके बाद 24 नवंबर को बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन की घोषणा के दौरान भी इसी लक्ष्य को साझा प्राथमिकता के रूप में दोहराया गया. इससे यह तो स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी-अकाली दल इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे और सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे.
कितनी बड़ी है नशे की चुनौती
नशे का मकड़जाल देश के सामने एक ऐसी चुनौती बनकर उभरा है, जिसकी कीमत युवा पीढ़ी को अपना भविष्य गंवाकर चुकानी पड़ रही है. इसका असर अब केवल समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा भी इससे अछूती नहीं है. मादक पदार्थों की तस्करी के तार संगठित अपराध,हवाला नेटवर्क और सीमा पार से संचालित नार्को-आतंकवाद से जुड़ रहे हैं. ऐसे में नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल पुलिस की कार्रवाई तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं होगा. तस्करी के पूरे तंत्र, उसके वित्तीय स्रोत और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ नशे की मांग कम करना भी जरूरी है.
इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 दिसंबर, 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. यह लक्ष्य केंद्र सरकार की उस समयबद्ध रणनीति को दर्शाता है, जिसके तहत आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का स्थायी समाधान तलाशने पर जोर दिया गया है. पूर्वोत्तर में शांति समझौतों और वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान में भी निश्चित लक्ष्यों के साथ कार्रवाई की गई है. अब इसी दृष्टिकोण को नशे के खिलाफ राष्ट्रीय अभियान में अपनाया जा रहा है.
इस अभियान में पंजाब की स्थिति सबसे अधिक संवेदनशील है. यहां समस्या केवल युवाओं में नशे की लत तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीमा पार से संचालित तस्करी और नार्को-आतंकवाद के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ गई है. इसका एक गंभीर पहलू नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों की सुरक्षा है. 20 अक्टूबर, 2026 को गृह मंत्री ने पंजाब में नशा तस्करों का विरोध करने के कारण मारे गए तीन नागरिकों के स्वजन से मुलाकात की. इनमें गुरदासपुर के बिक्रमजीत सिंह, संगरूर के गुलजार सिंह और मानसा के नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिजन शामिल थे. यह पहल नशे के खिलाफ लड़ाई में आम नागरिकों की भूमिका और उनकी सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करती है.

Add image caption here
Photo Credit: NDTV
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी
गृह मंत्रालय ने पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, लुधियाना, फिरोजपुर और फाजिल्का को अति-संवेदनशील मादक पदार्थ क्षेत्रों में शामिल किया है. इनमें पांच जिले पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हैं. ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती पेश कर रही हैं. इन जिलों के लिए विशेष नशामुक्ति रणनीतियां तैयार करने की योजना बनाई गई है. मार्च 2027 तक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन रोधी तकनीक और उन्नत निगरानी प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य है.
मादक पदार्थों का अवैध कारोबार अब पारंपरिक तस्करी तक सीमित नहीं है. तस्कर एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों, डार्कनेट और क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल कर रहे हैं. पंजाब में नार्को-आतंकवाद से जुड़े करीब 100 भगोड़ों की पहचान की गई है. वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर 100 बड़े देशी-विदेशी मादक पदार्थ नेटवर्क को ध्वस्त करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे स्पष्ट है कि सरकार की रणनीति केवल खेप पकड़ने या छोटे तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क और उसके वित्तपोषण को समाप्त करने पर केंद्रित है.
इसी उद्देश्य से 'ड्रग कंट्रोल 2026-2029' नाम से तीन वर्षीय विजन दस्तावेज तैयार किया गया है. इसकी रणनीति 'डिटेक्ट, डिसरप्ट, डिस्ट्रॉय' यानी पहचान, अवरोध और विनाश पर आधारित है. इसके चार प्रमुख पक्ष हैं. पहला, नशा तस्करों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई. दूसरा, सिंथेटिक ड्रग्स और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों पर नियंत्रण. तीसरा, नशे की मांग कम करना और लोगों को इसके दुष्प्रभावों से बचाना. चौथा, सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और निगरानी सुनिश्चित करना.
हाल के मामलों ने इस चुनौती की गंभीरता स्पष्ट की है. नवंबर 2026 में दिल्ली के गाजीपुर में अवैध अल्प्राजोलम प्रयोगशाला का भंडाफोड़ कर 148 किलोग्राम अल्प्राजोलम और करीब 1,046 किलोग्राम कच्चा माल और रसायन जब्त किए गए. ठाणे में कोकीन और मेफेड्रोन की बरामदगी हुई. असम के कछार में 20 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की गई. जबकि गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर मई 2026 में करीब 182 करोड़ रुपये की कैप्टागन पकड़ी गई. ये कार्रवाइयां बताती हैं कि मादक पदार्थों के नेटवर्क के विरुद्ध अभियान विभिन्न राज्यों में लगातार आगे बढ़ रहा है.
नशे के कारोबार के खिलाफ सरकार ने क्या कार्रवाई की है
नशे के कारोबार की सबसे बड़ी ताकत उसका आर्थिक नेटवर्क है. अक्टूबर 2026 में 'ऑपरेशन ट्राइडेंट' के तहत असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 स्थानों पर कार्रवाई कर करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का खुलासा किया गया. इस दौरान 1,424 बैंक खाते फ्रीज किए गए और करोड़ों रुपये की संपत्तियां कुर्क की गईं. जून 2026 में एनसीओआरडी की दसवीं शीर्ष बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री ने 'ऑनलाइन ड्रग्स डिस्पोजल पखवाड़ा अभियान' की शुरुआत की. इसके तहत छह हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के दो लाख किलोग्राम से ज्यादा जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने का लक्ष्य रखा गया.
विदेशों में बैठे तस्करी के सरगनाओं पर शिकंजा कसने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी मजबूत किया जा रहा है.'भारतपोल' के माध्यम से 1,400 से अधिक इकाइयों को इंटरपोल से जोड़ा गया है. इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस की संख्या 2022 में 40 से बढ़कर 2026 में 182 हो गई. तुर्की से सलीम इस्माइल डोला और नवप्रीत सिंह का प्रत्यर्पण भी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इन प्रयासों से घरेलू कार्रवाई के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करने की रणनीति को बल मिला है.
इस अभियान का एक महत्वपूर्ण पक्ष उपचार और पुनर्वास भी है. केंद्र सरकार ने मार्च 2029 तक देश में नशामुक्ति केंद्रों की संख्या 334 से बढ़ाकर 1,751 करने का लक्ष्य रखा है. शिक्षण संस्थानों में 'ड्रग फ्री कैंपस' और सार्वजनिक स्थानों पर 'ड्रग फ्री जोन' जैसी पहल भी महत्वपूर्ण हैं. केंद्रीय गृह मंत्रालय एनसीओआरडी की चार स्तरीय संरचना के माध्यम से केंद्र, राज्यों और जिलों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर जोर दे रहा है. पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य में इस समन्वय के साथ सामाजिक भागीदारी और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों की सुरक्षा भी आवश्यक है.
31 दिसंबर, 2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य महत्वाकांक्षी अवश्य है, लेकिन इसके लिए समयसीमा, रणनीति और संस्थागत व्यवस्था निर्धारित की जा चुकी है. अब इन प्रयासों को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना महत्वपूर्ण होगा. नशे के खिलाफ लड़ाई की सफलता केवल जब्त मादक पदार्थों या गिरफ्तारियों के आंकड़ों से नहीं,बल्कि इससे तय होगी कि कितने युवाओं को नशे से बचाया गया, कितने लोगों को पुनर्वास मिला और तस्करी के कितने नेटवर्क स्थायी रूप से ध्वस्त हुए. पंजाब में इस अभियान की सफलता नशामुक्त भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है.
(डिस्क्लेमर: लेखक देश की राजनीति पर पैनी नजर रखते हैं. वो राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों पर प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में लिखते रहे हैं. इस लेख में व्यक्त किए गए विचार उनके निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)