विज्ञापन

क्यों बदले-बदले नजर आ रहे अखिलेश यादव? 3 घोषणापत्र, 75 जिलों का टारगेट, यूपी चुनाव में अलग रणनीति की झलक

समाजवादी पार्टी ने इस बार अपने घोषणापत्र को तैयार करने में अलग रणनीति अपनाई है. पार्टी ने नेतृत्व की सोच की जगह इस बार आम जनता के फीडबैक, विशेषज्ञों की राय पर आधारित मेनिफेस्ट तैयार किया है.

क्यों बदले-बदले नजर आ रहे अखिलेश यादव? 3 घोषणापत्र, 75 जिलों का टारगेट, यूपी चुनाव में अलग रणनीति की झलक
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र अखिलेश यादव
IANS
नई दिल्ली:

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया. यूपी से 10 सालों से सत्ता से दूर सपा ने इस बार पुरानी रणनीति में बदलाव कर चुनाव के करीब तीन महीने पहले पार्टी का घोषणापत्र जारी किया है. पीडीए के प्रणपत्र नाम के इस मेनिफेस्टो में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बेरोजगारों को 5 हजार रुपये भत्ता, 25 लाख सरकारी नौकरी के साथ महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन शामिल है. 

समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र

पार्टी ने विधानसभा चुनाव के ऐन वक्त पर आनन-फानन में मेनिफेस्टो जारी करने की बजाय इस बार तीन चरणों में अपना घोषणापत्र सामने रखने की रणनीति अपनाई है. इसका पहला चरण संविधान दिवस पर पार्टी के मुख्य घोषणापत्र के साथ हुई. शीर्ष नेतृत्व, जातीय गठबंधन और आखिरी वक्त चुनावी घोषणाओं से इतर इस बार पार्टी ने लंबे विचार-विमर्श, विशेषज्ञों की राय और आम जनता के फीडबैक के आधार पर ये घोषणापत्र तैयार किया है. अखिलेश यादव ने प्रदेश के सभी 75 जिलों की जरूरतों के आधार पर टारगेटेड घोषणापत्र तैयार करने की रणनीति इस बार अपनाई. किसानों, कारोबारियों, निवेशकों और वंचित वर्ग के बीच चर्चा, सीधे फीडबैक लेकर रिपोर्ट तैयार की.लीक से हटकर आम वोटरों के फीडबैक की झलक मेनिफेस्टो में दिख रही है.

यूपी चुनावों के लिए तीन घोषणापत्र

पहले से सबक लेते हुए समाजवादी पार्टी चुनावों से काफी पहले तीन घोषणापत्र जारी करेगी. पहला दस्तावेज युवाओं, शिक्षा, नौकरियों, किसानों, सामाजिक न्याय, उद्योग, दलित मुद्दों, कानून-व्यवस्था और एमएसएमई (MSMEs) पर केंद्रित होगा. दूसरा दस्तावेज महिलाओं पर केंद्रित होगा. तीसरे में राज्य के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग जिलास्तरीय घोषणापत्र शामिल होंगे.इससे पार्टी को अपने वादों को समझाने, फीडबैक लेने और समाज के सारे तबके तक अपनी बातों को पहुंचाने के लिए अधिक समय मिलने की उम्मीद है.

मेनिफेस्टो की इनसाइड स्टोरी

इन घोषणापत्रों का खाका महीनों के परामर्श और शोध के बाद तैयार किया गया है. इसका मकसद पिछले पांच वर्षों के घटनाक्रमों और चुनौतियों को शामिल करते हुए पार्टी के 2022 के घोषणापत्र में सुधार करना था.विजन इंडिया पहल पीडीए के इर्द-गिर्द रणनीति तैयार की गई है. अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश और बेंगलुरु सहित अन्य जगहों पर युवाओं, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की.

जिला इकाइयों को स्थानीय स्तर के (हाइपर-लोकल) दस्तावेजों के लिए पांच प्रमुख स्थानीय समस्याओं, ठप पड़ी परियोजनाओं और रोजगार के अवसरों की पहचान करने का काम सौंपा गया था.अंतिम दस्तावेज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार किया गया था, जिसमें सेवानिवृत्त नौकरशाहों, पूर्व विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, एक चुनाव-प्रबंधन एजेंसी और पार्टी के अग्रणी संगठनों के इनपुट शामिल थे. घोषणापत्र पर काम शुरू करने का निर्णय 2027 के चुनावों से काफी पहले लिया गया था, जो पिछले दो विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति से अलग है. 

  • 2017: घोषणापत्र की घोषणा 22 जनवरी को की गई थी, जो 11 फरवरी को मतदान से केवल 20 दिन पहले.
  • 2022: घोषणापत्र की घोषणा 8 फरवरी को की गई, जो 10 फरवरी को पहले चरण के मतदान से ठीक दो दिन पहले था.

अतीत में कैसे तैयार होता था सपा का घोषणापत्र

समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र काफी हद तक नेतृत्व के विचारों के आसपास केंद्रित था. 2017 के घोषणापत्र पर कहा गया था कि इसमें अखिलेश की छाप थी. उन्होंने तब पार्टी अध्यक्ष और तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में घोषणापत्र जारी किया था. 2012 के चुनावों से पहले अखिलेश यादव ने समाजवादी विकास यात्रा का आयोजन किया था. निर्वाचन क्षेत्रों में स्वयंसेवकों (समाजवादी विकास मित्र) का उपयोग किया था. ये सीधे आम जनता से सुझाव जुटाने से अलग प्रयास था. जबकि 2017 में अखिलेश यादव ने हाई-स्कूल स्नातकों को मुफ्त लैपटॉप और टैबलेट देने का वादा करके 2009 के कंप्यूटर विरोधी रुख से एक अलग बदलाव किया था.

सपा के बड़े चुनावी बदलाव 

1.टिकट वितरण में अलग रणनीति

सपा ने गैर-यादव ओबीसी को 27 सीटें, उच्च जातियों को 11 सीटें दीं और दलितों को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया, जो पुराने ढर्रे से बिल्कुल अलग था. सपा ने 2024 के लोकसभा चुनावों में केवल पांच यादव उम्मीदवारों और चार मुसलमानों को मैदान में उतारा था. 2019 में ये आंकड़ा 15 और 2014 में यह 26 था.

2. ब्राह्मणों तक भी पहुंच बनाने की रणनीति

सपा ने अगस्त 2026 में लखनऊ में एक प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया. अखिलेश यादव ने तब पीडीए को 'पंडित' के रूप में भी परिभाषित किया. समान सम्मान और प्रतिनिधित्व का वादा किया. यह रणनीतिक पहुंच पिछले चुनावों के मुकाबले उच्च जाति के मतदाताओं में अपनी सेंध लगाना था.

3. सॉफ्ट हिंदुत्व की रणनीति

अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करने की बात कही है. 2024 के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से यह उनकी पहली यात्रा होगी. उन्होंने सपा के सत्ता में लौटने पर अयोध्या को एक बड़े सनातन तीर्थ केंद्र के रूप में विकसित करने की बात भी कही है. 

पीडीए में डी की नई परिभाषा

डी की नई परिभाषा दमदार दलित के रूप में की गई है. संदेश के अनुशासन पर अधिक जोर, बूथ लेवल तक संगठनात्मक मजबूती के साथ रणनीति और घोषणापत्र के लिए पेशेवर इनपुटलिया गया है. इसमें सेवानिवृत्त नौकरशाह और विशेषज्ञ शामिल हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samajwadi Party Manifesto, Akhilesh Yadav, PDA Pranpatra, UP Assembly Election 2027, UP Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com