विज्ञापन

NEET पेपर लीक: नासिक से नांदेड़ तक CBI का एक्शन, शुभम के ऑफिस पर छापा; अभिभावकों पर भी शिकंजा कस रही जांच एजेंसी

CBI Probe NEET Paper Leak: मुख्य आरोपी शुभम खैरनार के नासिक स्थित कनाडा कॉर्नर ऑफिस और सुचेता नगर फ्लैट पर छापेमारी कर CBI ने मोबाइल, लैपटॉप, बैंक पासबुक और अहम दस्तावेज जब्त किए हैं.

NEET पेपर लीक: नासिक से नांदेड़ तक CBI का एक्शन, शुभम के ऑफिस पर छापा; अभिभावकों पर भी शिकंजा कस रही जांच एजेंसी
जांच करने पहुंची सीबीआई की टीम.

NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई (CBI) का नासिक से नांदेड़ तक एक्शन जारी है. CBI की रडार पर अब माता-पिता भी आ गए हैं. सीबीआई ने नांदेड़ में 10 लाख में पेपर खरीदने वाले एक परिवार से पूछताछ की. सीबीआई ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी शुभम खैरनार के नासिक स्थित ऑफिस पर छापेमारी कर मोबाइल, लैपटॉप सहित बैंक पासबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए हैं. इसके बाद जांच एजेंसी अब शुभम के संपर्क में रहे छात्रों, अभिभावकों और संशयित एजेंटों की जानकारी जुटाने में लगी है.

इसके साथ ही शुभम के चैट, कॉल रिकॉर्ड, ई-मेल और टेलीग्राम संदेश की भी सीबीआई जांच कर रही है, जिसके बाद जांच एजेंसी को अलग-अलग राज्यों के बीच हुए संदिग्ध लेन-देन और पैसों के ट्रांसफर की भी जानकारी मिल रही है.

शुभम के ऑफिस और फ्लैट में आ-जा रहे संदिग्ध

इस बीच, आरोपी शुभम खैरनार के नासिक में कनाडा कॉर्नर स्थित कार्यालय और सुचेता नगर के फ्लैट पर संदिग्ध छात्रों और अभिभावकों का आना-जाना बढ़ गया है. वित्तीय लेन-देन के शक में सीबीआई द्वारा कुछ छात्रों और अभिभावकों से पूछताछ भी की जा रही है. इसी कड़ी में नांदेड़ जिले में सीबीआई ने अब तक कई कोचिंग क्लासेस और निजी लोगों से पूछताछ की है.

पेपर खरीदने वालों जानकारी सीबीआई के पास

मास्टरमाइंड बताए जा रहे प्रोफेसर PV कुलकर्णी को गिरफ्तार करने के बाद मिल रही जानकारियों के कारण जांच का दायरा छात्रों के माता-पिता की तरफ बढ़ता दिख रहा है. अंदेशा जताया जा रहा है कि लीक हुआ पेपर खरीदने वालों की पूरी जानकारी अब सीबीआई के हाथ लग चुकी है. इसी सिलसिले में सीबीआई की टीम ने नांदेड़ के विद्युत नगर इलाके में कदम परिवार के फ्लैट पर CBI ने छापेमारी कर तलाशी ली. जांच एजेंसी को शक है कि कदम ने अपनी बेटी के लिए 10 लाख रुपये देकर NEET का पेपर खरीदा था.

जानकारी के मुताबिक, कदम की बेटी नांदेड़ के एक निजी क्लास संचालक के माध्यम से तीन महीने के लिए पुणे में रुकी थी. इसी दौरान उसे NEET परीक्षा की विशेष तैयारी करवाई गई थी. CBI फिलहाल कदम परिवार से पूछताछ कर रही है. सूत्रों के अनुसार, मामले में एक और अभिभावक एजेंसी के रडार पर है. संभावना जताई जा रही है कि CBI की टीम आज ही एक और जगह छापेमारी कर सकती है.

हालांकि, इस कार्रवाई में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई की टीम लौट गई.

(नासिक से राहुल वाघ, नांदेड़ से योगेश लाटकर की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें- NEET 2026: कुलकर्णी- मनीषा मांधरे ने एनटीए से दोनों सेट चुराए, फिर हुई खरीद-फरोख्त, नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा

ये भी पढ़ें- NEET Leak Case: टेलीग्राम पर पेपर भेजे, पुणे की सीक्रेट क्लास और करोड़ों का खेल; नीट पेपर लीक केस में CBI को क्या-क्या पता चला?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com