यूपी के बिजनौर से बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. चांदपुर इलाके के ग्राम नाइपुरा में एक पत्नी पर अपने पति को मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है. बताया जाता है कि गौतम नाम के लड़के से प्यार करती थी, जोकि रिश्ते में उसका भांजा लगता था. इसकी जानकारी पति को हो गई थी और इसकी वजह से ही पति-पत्नी में झगड़ा होता रहता था. महिला ने अपने पति के अचेत अवस्था में पड़े होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की. पूछताछ में छह साल के बेटे ने अपनी मां की करतूत का खुलासा कर दिया. बेटे ने बताया कि उसकी मां ने ही उसके पिता के मुंह पर तकिया रखकर उनकी हत्या कर दी है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि मृतक कुमार सेन के 6 साल के बेटे के बयान के आधार पर सूचना मिली कि कुमार सेन की पत्नी ने मुंह पर तकिया रखकर उसकी हत्या कर दी है. मृतक की पत्नी ने परिजनों को सूचना दी थी कि उसका पति अचेत अवस्था में पड़ा है, जब परिजनों ने जाकर देखा तो पति की मौत हो चुकी थी. पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिश्ते में महिला का भांजा लगा है युवक
पूर्व ग्राम प्रधान ने बताया कि महिला ने अपने पति को प्रेम प्रसंग के चलते मार दिया है. उसके 6 साल के बेटे ने यह बात बताई. गौतम नाम के लड़के से महिला के संबंध है, जो इसके नंदोई का लड़का था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं