विज्ञापन

कर्ज से परेशान; घर जब्ती का डर, दो सगे भाइयों ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, नागपुर में दर्दनाक घटना

एक दिन पहले दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों और बच्चों को मायके छोड़ दिया था. अगले दिन वे खेत जाने की बात कहकर निकले और फिर रेलवे ट्रैक पर उनके शव मिले.

कर्ज से परेशान; घर जब्ती का डर, दो सगे भाइयों ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, नागपुर में दर्दनाक घटना
नागपुर में कर्ज से परेशान दो भाइयों ने की आत्महत्या, मालगाड़ी के सामने कूदकर दी जान
नागपुर:

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सावनेर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से परेशान दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान निरंजन फिरके (40) और योगेश फिरके (37) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाई अपने बेकरी व्यवसाय के लिए लिया गया कर्ज नहीं चुका पा रहे थे और उन्हें घर जब्ती का नोटिस भी मिला था. आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहे दोनों भाइयों ने आत्महत्या से एक दिन पहले अपनी पत्नियों और बच्चों को उनके मायके भेज दिया था. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

रेलवे ट्रैक पर मिले दोनों भाइयों के शव

जानकारी के अनुसार नागपुर जिले के सावनेर में गुरुवार को मालेगांव टाउन रेलवे ट्रैक पर दो लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो मृतकों की पहचान सगे भाइयों निरंजन फिरके और योगेश फिरके के रूप में हुई. प्राथमिक जांच में पता चला कि दोनों भाइयों ने चलती मालगाड़ी के सामने कूदकर अपनी जान दी. घटना की खबर फैलते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई.

Nagpur News: मृतक निरंजन

Nagpur News: मृतक निरंजन

बेकरी कारोबार के लिए लिया था कर्ज

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार दोनों भाइयों ने अपने बेकरी व्यवसाय को चलाने के लिए भारी कर्ज लिया था. लेकिन कारोबार में अपेक्षित आय नहीं होने के कारण वे ऋण की किश्तें समय पर नहीं चुका पा रहे थे. लगातार बढ़ते वित्तीय दबाव के कारण परिवार आर्थिक संकट में फंस गया था. इसी बीच उन्हें घर जब्त किए जाने का नोटिस भी मिला था, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई थीं. बताया जा रहा है कि घर छिन जाने की आशंका और कर्ज के बोझ ने दोनों भाइयों को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था.

Nagpur News: मृतक योगेश

Nagpur News: मृतक योगेश

आत्महत्या की पहले से थी आशंका

घटनाक्रम से यह संकेत मिलता है कि दोनों भाइयों ने यह कदम अचानक नहीं उठाया. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार आत्महत्या से एक दिन पहले दोनों ने अपनी पत्नियों और बच्चों को उनके मायके छोड़ दिया था. गुरुवार सुबह दोनों घर से यह कहकर निकले कि वे खेत की ओर जा रहे हैं. इसके बाद वे वापस नहीं लौटे. बाद में रेलवे ट्रैक पर उनके शव मिलने से घटना का खुलासा हुआ. इस जानकारी ने पुलिस को यह आशंका भी दी है कि दोनों भाइयों ने पहले से योजना बनाकर यह कदम उठाया था.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सावनेर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कर्ज और घर जब्ती का नोटिस आत्महत्या का प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है, लेकिन मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. परिजनों और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें : कर्ज के पैसे वापस मांगना आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं, बॉम्बे HC का बड़ा फैसला

यह भी पढ़ें : NEET पेपर लीक : डॉक्टर बनने का सपना टूटा; कर्ज में डूबे पिता की बेटी आकांक्षा ने फांसी लगाकर दी जान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nagpur News, Suicide Case, Debt Burden, Two Brothers Suicide, Maharashtra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com