- अकोला के सरकारी मेडिकल कॉलेज में 55 वर्षीय हार्ट अटैक मरीज को एक्सपायर्ड सलाइन चढ़ाए जाने का मामला सामने आया
- मरीज को सलाइन चढ़ाने के बाद ठंड लगना और बुखार की शिकायत हुई, जिससे परिजन सलाइन की जांच करने लगे
- जांच में सलाइन की एक्सपायरी डेट 10 अक्टूबर 2026 पाई गई, और अन्य मरीजों को भी एक्सपायर्ड सलाइन चढ़ाई जा रही थी
महाराष्ट्र के अकोला स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कथित चिकित्सा लापरवाही का मामला सामने आया है. आरोप है कि हार्ट अटैक से पीड़ित 55 साल के सुरेश शंकर वाकोडे को एक्सपायर्ड सलाइन चढ़ा दिया गया.
मरीज की बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, सलाइन चढ़ाने के बाद मरीज को ठंड लगने और बुखार की शिकायत होने लगी. इसके बाद परिजनों ने सलाइन की जांच की तो उस पर 10 अक्टूबर 2026 की एक्सपायरी डेट दर्ज मिली. परिजनों का आरोप है कि वार्ड में जांच के दौरान दो से तीन अन्य मरीजों को भी एक्सपायर्ड सलाइन चढ़ाई जा रही थी, जिन्हें बाद में हटाया गया.
मामले पर सवाल उठाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों ने इसे कथित तौर पर एक 'मानवीय गलती' बताया. हालांकि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
इस मामले को लेकर पूर्व विधायक अमोल मिटकारी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. वहीं, वंचित बहुजन आघाड़ी के जिला परिषद समूह नेता ज्ञानेश्वर सुलताने और सामाजिक कार्यकर्ता नितिन सपकाल अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
मरीज के परिजनों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
उधर, VBA ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. फिलहाल मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.
यह भी पढ़ें | महाराष्ट्र FDA का बड़ा एक्शन, 1.97 करोड़ रुपये का मिलावटी और संदिग्ध खाद्य स्टॉक जब्त, 5 कारोबार बंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं