- नागपुर में पार्सल डिलीवरी के बहाने पहुंचे 18 साल के लड़के ने बुजुर्ग से चेन स्नेचिंग की
- आरोपी युवराज गुप्ता ने बुजुर्ग के गले से सोने की चेन झपट ली और भागते वक्त अपनी साइकिल वहीं छोड़ गया
- क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल से मिली साइकिल और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया
चोर चोरी करने के लिए अलग-लग तरह के हथकंडे अपनाते हैं. ऐसी ही एक घटना महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आी है. यहां पर एक चेन स्नेचर ने वारदात को अंजाम देने के लिए एक शातिर तरीका अपनाया, ताकि किसी को उस पर शक न हो. मौका मिलते ही उसने वारदात को अंजाम दे दिया. आरोपी पार्सल डिलीवरी के बहाने वहां पहुंचा और बुजुर्ग के गले से सोने की चेन झपट ली.
पार्सल देने के बहाने झपटी सोने की चेन
पार्सल डिलीवरी के बहाने चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात हैरान करने वाली है. अजनी थाना क्षेत्र में डिलीवरी बॉय बनकर पहुंचे युवक ने बुजुर्ग के गले से सोने की चेन झपट ली, लेकिन भागते वक्त एक बड़ी गलती उस पर भारी पड़ गई. मौके पर छूटी साइकिल और CCTV फुटेज के आधार पर क्राइम ब्रांच ने आरोपी को धर दबोचा.

18 साल के डिलीवरी बॉय की शर्मनाक हरकत
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 18 साल के युवराज गुप्ता के तौर पर हुई है. वह ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था और कुछ दिन पहले भी शिकायतकर्ता के घर पार्सल देने गया था. उसी दौरान उसने बुजुर्ग के गले में सोने की चेन देखकर लूट की साजिश रच डाली.

साइकिल छोड़कर भागा आरोपी
घटना नागपुर के भगवान नगर स्थित शीला रेजीडेंसी की है. बुधवार दोपहर आरोपी पार्सल लेकर सदानंद कांबले के घर पहुंचा. हालांकि उन्होंने कोई भी पार्सल नहीं मंगवाया थ. जब बुजुर्ग पार्सल का पता पढ़ने लगे, तभी आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार होने लगा. लेकिन लोगों के शोर मचाने पर वह अपनी साइकिल वहीं छोड़कर पैदल भाग निकला.

आर्थिक तंगी के चलते वारदात को दिया अंजाम
मामले की जांच में पुलिस को घटनास्थल से आरोपी की साइकिल और CCTV फुटेज मिले. इन्हीं सुरागों के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने आरोपी को उसके घर से दबोच लिया. पुलिस ने उसके पास से लूटी गई सोने की चेन, मोबाइल फोन समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान बरामद किया है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 12वीं में फेल होने के बाद आगे पढ़ना चाहता था. पिता सिक्योरिटी गार्ड हैं और आर्थिक तंगी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल आरोपी को अजनी पुलिस के हवाले कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें-जज के बंगले के सामने चेन स्नैचिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से लूट, 100 मीटर की दूरी पर था कांस्टेबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं