विज्ञापन

महाराष्ट्र FDA का एक्शन, IIT बॉम्बे के 2 मेस बंद, 22 गिरफ्तार; 2.82 करोड़ का माल जब्त

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 स्थानों पर छापेमारी की है. 

महाराष्ट्र FDA का एक्शन, IIT बॉम्बे के 2 मेस बंद, 22 गिरफ्तार; 2.82 करोड़ का माल जब्त
FDA ने आईआईटी बॉम्बे पर बड़ा एक्शन किया है.

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के कारोबार के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. 4 से 6 अगस्त 2026 के बीच राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 31 स्थानों पर छापेमारी की गई. इस अभियान के दौरान अवैध गुटखा और पान मसाला कारोबार से जुड़े 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा करोड़ों रुपये का प्रतिबंधित और संदिग्ध खाद्य माल जब्त किया गया.

IIT बॉम्बे के मेस पर कार्रवाई

मुंबई के पवई स्थित IIT बॉम्बे में भी FDA की टीम ने जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान हॉस्टल नंबर 1 और हॉस्टल नंबर 3 में संचालित मेस बिना वैध FSSAI लाइसेंस के चलते पाए गए. नियमों के उल्लंघन को देखते हुए दोनों मेस को तत्काल बंद करने का आदेश दिया गया.

वहीं हॉस्टल 12, 13 और 14 के लिए भोजन उपलब्ध कराने वाली एक कैटरिंग सेवा के पास राज्य स्तर का लाइसेंस होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां मिलीं. इसके बाद संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया.

गुटखा और पान मसाला कारोबार पर शिकंजा

राज्यभर में हुई छापेमारी के दौरान कुल 19 एफआईआर दर्ज की गईं. इनमें सबसे अधिक 9 मामले पुणे और 5 मामले नागपुर में दर्ज हुए. कार्रवाई के दौरान लगभग 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 772 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित और संदिग्ध खाद्य माल जब्त किया गया.

FDA ने केवल प्रतिबंधित उत्पाद ही नहीं पकड़े बल्कि इनके परिवहन में इस्तेमाल हो रहे चार वाहनों को भी जब्त किया. जब्त वाहनों की कुल कीमत 13 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है.

होटल और रेस्तरां की भी हुई सघन जांच

अभियान के दौरान राज्यभर के 63 होटलों और रेस्तरां का निरीक्षण किया गया. कई प्रतिष्ठानों में गंदगी, स्वच्छता की कमी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए गए. इसके बाद सात प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए.

नवी मुंबई के चर्चित रेस्तरां पंजाब ग्रिल में रसोई क्षेत्र में कॉकरोच और भारी गंदगी मिलने के बाद उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया. अमरावती के होटल रोशनी और रोशनी स्वीट मार्ट पर भी स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन के कारण कार्रवाई हुई.

मुंबई और नागपुर में भी सख्ती

नागपुर के द हैंगरी पांडा किचन का लाइसेंस भी स्वास्थ्य और स्वच्छता नियमों की अनदेखी के चलते निलंबित किया गया. इसके अलावा मुंबई में ईट नीनो प्रा. लिमिटेड, जय मां काली ढाबा और साउथ इंडिया डोसा कॉर्नर के लाइसेंस भी गंभीर अनियमितताओं के कारण सस्पेंड कर दिए गए.

चार लाख किलो के करीब खाद्य पदार्थ जब्त

छापेमारी के दौरान दूध, खाद्य तेल, मसाले और बेकरी उत्पादों समेत विभिन्न खाद्य सामग्री का 3 लाख 99 हजार 578 किलोग्राम से अधिक स्टॉक जब्त किया गया. इन खाद्य पदार्थों का बाजार मूल्य 2 करोड़ 62 लाख 70 हजार 174 रुपये बताया गया है. FDA ने कार्रवाई के साथ सुधारात्मक कदम भी उठाए हैं. जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर 38 अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं. विभाग का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.

यह भी पढ़ें- E20 फ्यूल क्या सच में गाड़ियों को पहुंचा रहा नुकसान? जानें रिसर्च में कौन-कौन सी बड़ी बात आई सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra FDA, IIT Bombay, Mumbai News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com