मुंबई के विक्रोली पश्चिम स्थित राहुल नगर इलाके में गुरुवार तड़के तेज संगीत को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. भाईयों द्वारा चाकू से किए गए हमले में 40 वर्षीय सुनील विश्वकर्मा और उनके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और छोटा बेटा विवान विश्वकर्मा घायल हो गए. दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार विवाद परिवार के भीतर तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट और चाकू हमले में बदल गया. पार्कसाइट पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.
तड़के हुआ विवाद, चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार घटना विक्रोली पश्चिम के राहुल नगर इलाके में गुरुवार तड़के हुई. विश्वकर्मा परिवार के चार सगे भाई एक ही घर में रहते थे. इनमें से दो भाई घर के पोटमाले यानी ऊपर बने हिस्से में रहते थे. बताया जा रहा है कि सुनील विश्वकर्मा उम्र 40 वर्ष ने तड़के घर में तेज आवाज में गाने बजाए थे. इसी बात को लेकर उनके दो भाइयों सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा ने उनसे सवाल किया. इसी बात पर सुनील विश्वकर्मा और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा ने सुनील विश्वकर्मा और उनके पूरे परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. मारपीट के दौरान पीड़ितों को लात-घूंसों से पीटा गया और बाद में चाकू से वार किए गए.
पिता-पुत्र ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल सुनील विश्वकर्मा और उनके बेटे श्लोक विश्वकर्मा को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और छोटे बेटे विवान विश्वकर्मा को भी चाकू से चोटें आई हैं. दोनों का उपचार जारी है. डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है.
दो आरोपी हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद कैसे शुरू हुआ, हमला किस क्रम में हुआ और क्या वारदात पहले से किसी तनाव का परिणाम थी या अचानक भड़की हिंसा.
घटनास्थल सील, फॉरेंसिक जांच जारी
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है. फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस चाकू, खून के नमूने, कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्यों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें : मुंबई : तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहा था शख्स, पड़ोसी ने ले ली जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं