RBI MPC Meeting August 2026 Decisions: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने सर्वसम्मति से पॉलिसी रेपो रेट को 5.25% पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया है. यानी रेपो रेट से लिंक आपके होम लोन या ऑटो लोन की EMI नहीं बढ़ेगी. बुधवार को इस फैसले का ऐलान करते हुए आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और चुनौतियों के बावजूद 3 से 5 अगस्त तक चली मॉनिटरी पॉलिसी मीटिंग के बाद रेपो रेट 5.25 पर बरकरार रखने का फैसला लिया है. गवर्नर ने इशारा किया है कि महंगाई अनुमान इस साल केंद्रीय बैंक के लक्ष्य से ऊपर जाने की संभावना है.
इस साल कैसी रहेगी महंगाई?
केंद्रीय बैंक ने इस साल के लिए देश में महंगाई अनुमान को पहले की अपेक्षा थोड़ा कम किया है. यानी महंगाई तो बढ़ेगी, लेकिन उतनी नहीं. गवर्नर मल्होत्रा ने बताया कि मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए महंगाई अनुमान को पहले के 5.1% से 10 बेसिस प्वाइंट कम कर के 5% रखा है.
- सितंबर 2026 तिमाही: 4.7% (पिछला अनुमान 5.1% था)
- दिसंबर 2026 तिमाही: 5.9% (पिछला अनुमान भी 5.9% था)
- मार्च 2027 तिमाही: 5.5% (पिछला अनुमान 5.4% था)
- जून 2027 तिमाही: 5.3%
कैसी रहेगी देश की GDP ग्रोथ?
RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि इस साल देश की GDP करीब 6.7 फीसदी की दर से बढ़ेगी. जून MPC में केंद्रीय बैंक ने वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए रियल GDP ग्रोथ अनुमान 6.9 से कम कर 6.6 फीसदी कर दिया था. इसमें 10 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की गई है.
- जून 2026 तिमाही: 7% (पिछला अनुमान 6.6% था)
- सितंबर 2026 तिमाही: 6.4% (पिछला अनुमान 6.3% था)
- दिसंबर 2026 तिमाही: 6.5% (पिछला अनुमान भी 6.5% था)
- मार्च 2027 तिमाही: 6.8% (पिछला अनुमान भी 6.8% था)
ये भी पढ़ें: नोएडा में मकान लेना 125% महंगा! दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, गुरुग्राम भी रह गए पीछे, रेट चार्ट देख लीजिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं