जरा सोचिए, रात का अंधेरा हो, आप अपने घर में आराम कर रहे हों और अचानक आपके आंगन में साक्षात मौत आ खड़ी हो. और वो भी एक नहीं, बल्कि दो-दो. बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा से एक ऐसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी सामने आई है.
मंगलवार की रात वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (VTR) के गोनौली वन क्षेत्र में जो हुआ, उस पर यकीन करना मुश्किल है. वन विभाग के दफ्तर के ठीक सामने नितेश कुमार का घर है. रात के वक्त नितेश के घर के कैंपस में अचानक दो खूंखार शिकारी आमने-सामने आ गए. एक तरफ था दुनिया का सबसे जहरीला सांप किंग कोबरा और दूसरी तरफ था एक विशालकाय अजगर. दोनों एक-दूसरे की आंखों में आंखें डाले ऐसे डटे थे, मानो अभी महासंग्राम शुरू होने वाला हो.
घर के कैंपस में दिखा दुर्लभ नजारा
यह खौफनाक मंजर देखकर घर वालों की तो सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई. जान बचाने के लिए पूरा परिवार उल्टे पांव घर से बाहर भागा. कुछ ही देर में वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. यह दुर्लभ नजारा देखकर लोगों के होश उड़े थे, लेकिन फिर भी हर कोई इसे अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने को बेताब था.
भीड़ के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
माहौल में दहशत थी, तभी देवदूत बनकर पहुंचे प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर मुरारी कुमार. उन्होंने सबसे पहले समझदारी दिखाते हुए भीड़ को सुरक्षित दूरी पर किया ताकि कोई अनहोनी न हो. इसके बाद शुरू हुआ रेस्क्यू का जोखिम भरा ऑपरेशन. भारी मशक्कत और गजब की फुर्ती दिखाते हुए मुरारी कुमार ने दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया. जब दोनों को उनके असली घर यानी जंगल में छोड़ा गया, तब जाकर नितेश के परिवार और गांव वालों की जान में जान आई. एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
दूसरी बार इसी घर से निकला किंग कोबरा
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस घर से किंग कोबरा का पुराना 'याराना' लगता है. स्थानीय लोग बताते हैं कि करीब दो साल पहले भी नितेश के ही कैंपस से एक विशाल किंग कोबरा पकड़ा गया था. एक बार फिर वहीं कोबरा और अजगर का साथ मिलना, इलाके में चर्चा का हॉट टॉपिक बन गया है.
दरअसल, गोनौली का यह इलाका घने जंगल से बिल्कुल सटा हुआ है. बारिश के दिनों में अक्सर सांप और दूसरे जंगली जीव सूखे और भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों का रुख कर लेते हैं. वन विभाग ने भी लोगों से साफ अपील की है कि सांप दिखे तो घबराएं नहीं और न ही उसे खुद पकड़ने की कोशिश कर खतरे से खेलें. तुरंत वन विभाग या किसी जानकार रेस्क्यू टीम को खबर दें.
अगर दोनों के बीच लड़ाई होती तो कौन पड़ता भारी?
अब वहां मौजूद हर शख्स के मन में बस एक ही सवाल कौंध रहा था- अगर कल रात इन दोनों महाबलियों में जंग छिड़ जाती, तो बाजी कौन मारता. इंसान और वन्यजीव संघर्ष के जानकार अभिषेक इसका दिलचस्प जवाब देते हैं. वो बताते हैं कि किंग कोबरा तो दूसरे सांपों का ही शिकार करता है. अगर कोबरा बड़ा और ताकतवर हो, तो वह अजगर का काम तमाम कर सकता है. लेकिन, अगर अजगर ज्यादा लंबा और भारी-भरकम निकल गया, तो वह अपनी मजबूत कुंडली में कोबरा को ऐसा जकड़ेगा कि उसकी सांसें ही उखड़ जाएंगी. कुल मिलाकर, उस वक्त की परिस्थिति और दोनों की ताकत ही हार-जीत तय करती. खैर, गनीमत रही कि वक्त रहते दोनों को रेस्क्यू कर लिया गया और कोई खूनी खेल नहीं हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं