- मुंबई लोकल रेलवे में सिग्नल केबिन में आग लगने के कारण ठाणे और विक्रोली के बीच सिग्नल नेटवर्क प्रभावित हुआ
- मुलुंड और ठाणे के बीच ओवरहेड वायर खराबी ने ट्रेन संचालन की स्थिति को और जटिल बना दिया
- ट्रेनों के लंबित रुकने से यात्रियों ने ट्रैक पर उतरकर पैदल यात्रा करने का जोखिम भरा कदम उठाया
मुंबई में लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा मानी जाने वाली मुंबई लोकल सोमवार को बुरी तरह प्रभावित हो गई. सप्ताह की शुरुआत में ही काम और कारोबार के लिए घरों से निकले हजारों यात्रियों को लंबी देरी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. सेंट्रल रेलवे की कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों तक ट्रैक पर खड़ी रहीं जिससे पूरे नेटवर्क पर असर पड़ा.
सुबह करीब 10 बजे कंजूरमार्ग स्टेशन के पास स्थित सिग्नल केबिन में अचानक आग लग गई. आग लगने के कारण ठाणे और विक्रोली के बीच का सिग्नल नेटवर्क प्रभावित हो गया. इसके बाद ट्रेनों की आवाजाही नियंत्रित करने वाला सिस्टम काम करना बंद कर गया और कई रूटों पर संचालन बाधित हो गया.
ओवरहेड वायर खराबी ने बढ़ाई मुश्किल
रेलवे अधिकारियों के लिए स्थिति इसलिए और चुनौतीपूर्ण बन गई क्योंकि सुबह ही मुलुंड और ठाणे के बीच ओवरहेड वायर में तकनीकी खराबी सामने आई थी. पहले से प्रभावित व्यवस्था पर इस दूसरी समस्या ने अतिरिक्त दबाव डाल दिया और ट्रेन संचालन पूरी तरह असंतुलित हो गया.
ट्रैक पर उतरने को मजबूर हुए यात्री
लंबे समय तक ट्रेनें नहीं चलने से यात्रियों का धैर्य जवाब देने लगा. कई लोग घंटों तक डिब्बों में फंसे रहे. जब कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली तो कुछ यात्रियों ने जोखिम उठाते हुए रेलवे ट्रैक पर उतरकर पैदल ही नजदीकी स्टेशन तक पहुंचने का फैसला किया. इससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए.
रात तक सामान्य नहीं हो पाएगी व्यवस्था
रेलवे की तकनीकी टीमें लगातार मरम्मत और केबल बदलने के काम में जुटी रहीं. अधिकारियों के अनुसार सिस्टम को पूरी तरह बहाल करने में कई घंटे और लग सकते हैं. ऐसे में सेंट्रल रेलवे की सेवाएं देर रात तक प्रभावित रहने की संभावना है.
मेगा ब्लॉक के बाद उठे सवाल
खास बात यह है कि रविवार को ही सेंट्रल रेलवे ने रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया था. इसके अगले ही दिन इतनी बड़ी तकनीकी समस्या सामने आने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है. लोगों का सवाल है कि नियमित मेंटेनेंस के बावजूद रेलवे ऐसी स्थितियों को रोकने में क्यों नाकाम रहा.
शाम के पीक आवर्स में भीड़ की आशंका
दिनभर ट्रेनों के प्रभावित रहने का असर शाम के व्यस्त समय में भी देखने को मिल सकता है. कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटने की आशंका है. रेलवे यात्रियों को लगातार अपडेट लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दे रहा है. फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि मुंबई की लाइफलाइन कब पूरी तरह पटरी पर लौटती है.
यह भी पढ़ें- EPFO देशभर में 27 अक्टूबर को लगाएगा स्पेशल कैंप, EPF और EPS से जुड़ी हर शिकायत का ऑन-द-स्पॉट होगा निपटारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं