विज्ञापन

मुंबई में ग्रीन रॉकेट- आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध, जानें कब तक लागू रहेगा आदेश

बढ़ती आग की घटनाओं के बीच BMC ने ग्रीन रॉकेट और उड़ने वाले पटाखों पर 25 नवंबर तक प्रतिबंध लगा दिया है. नियम सार्वजनिक और निजी दोनों परिसरों में लागू रहेगा.

मुंबई में ग्रीन रॉकेट- आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध, जानें कब तक लागू रहेगा आदेश
मुंबई में BMC ने ग्रीन रॉकेट- आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है.
ANI

मुंबई: पटाखों के कारण मुंबई में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बड़ा कदम उठाया है. मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में ग्रीन रॉकेट और इसी तरह आसमान में उड़ने वाले पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बृहन्मुंबई की ओर से 9 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है. यह प्रतिबंध 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा. आदेश के मुताबिक, मुंबई शहर और उपनगरों में पिछले दो दिनों के दौरान पटाखों की वजह से आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं.

कहां-कहां रहेगा ये प्रतिबंध

विशेष रूप से रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखे जलाते समय उनकी चिंगारी इमारतों की छतों, बालकनियों, खिड़कियों और वहां रखे ज्वलनशील सामान पर गिरने से आग लगने का खतरा पैदा हो रहा है. बीएमसी ने कहा है कि मुंबई में घनी आबादी, ऊंची इमारतों, झुग्गी-बस्तियों, संकरी सड़कों और व्यावसायिक एवं आवासीय परिसरों की अधिकता को देखते हुए इस तरह के पटाखों से लोगों की जान और संपत्ति को गंभीर खतरा हो सकता है.

सार्वजनिक सुरक्षा और आग की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रतिबंधात्मक कदम उठाना आवश्यक है. यह प्रतिबंध बीएमसी क्षेत्र के सभी सार्वजनिक और निजी परिसरों में लागू रहेगा. इसमें आवासीय इमारतें, इमारतों की छतें, सीढ़ियां, बालकनी, आंगन, पार्किंग स्थल, झुग्गी-बस्ती क्षेत्र, सड़कें और अन्य सभी परिसर शामिल हैं.

आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी हुआ आदेश

यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बृहन्मुंबई की ओर से जारी किया गया है. संबंधित परिमंडलीय पुलिस उपायुक्तों, महानगरपालिका के विभागीय सहायक आयुक्तों, अग्निशमन विभाग और जनसंपर्क अधिकारियों को आदेश की व्यापक जानकारी देने और उसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि ग्रीन रॉकेट और इसी तरह आसमान में उड़ने वाले पटाखों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा. आदेश का तत्काल प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें

मुंबई के हाईराइज टावर में भीषण आग, 23वीं मंजिल पर भड़की लपटों झुलसे 3 लोग

दिवाली पर पटाखों से हादसा हुआ तो कौन-सा इंश्योरेंस देगा राहत? जानें हेल्थ, एक्सीडेंट और होम इंश्योरेंस के नियम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai, Mumbai News, Firecracker Ban News, Firecracker Ban, BMC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com