विज्ञापन

ब्रिटिश ट्रैवलर ने 29 घंटे ट्रेन के फर्स्ट AC में किया सफर, बोला- अगर दोबारा मौका मिला तो पीछे नहीं हटूंगा

ब्रिटिश सैलानी डॉमिनिक ने मुंबई से अमृतसर तक की 29 घंटे की ट्रेन यात्रा का अपना शानदार अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है. ट्रेन की टाइमिंग, बेहद सस्ते और ताजे खाने के साथ सह-यात्रियों के मिलनसार रवैये से खुश होकर उन्होंने भारतीय रेलवे को 10 में से पूरे 10 नंबर दिए हैं.

ब्रिटिश ट्रैवलर ने 29 घंटे ट्रेन के फर्स्ट AC में किया सफर, बोला- अगर दोबारा मौका मिला तो पीछे नहीं हटूंगा
मुंबई से अमृतसर तक ट्रेन में घूमा विदेशी टूरिस्ट.
insta@desidominic

VIRAL VIDEO: ब्रिटिश टूरिस्ट डॉमिनिक ने जब मुंबई से अमृतसर तक की 29 घंटे की ट्रेन यात्रा का अनुभव साझा किया, तो सोशल मीडिया पर लोग हैरान रह गए. डॉमिनिक भारतीय रेलवे की सुविधाओं, सस्ते और लजीज खाने और यहां के लोगों के दोस्ताना व्यवहार के इस कदर मुरीद हुए कि उन्होंने इस सफर को 10 में से पूरे 10 नंबर दे दिए. डॉमिनिक ने इंस्टाग्राम पर अपने इस सफर का वीडियो शेयर किया है.

सफर लंबा पर अनुभव शानदार

डॉमिनिक ने बताया कि मुंबई से अमृतसर तक के इस 29 घंटे के लंबे सफर के लिए उन्होंने केवल 45 पाउंड यानी करीब 5,461 रुपये का टिकट खरीदा था. सैलानी इस बात से बेहद खुश दिखे कि ट्रेन अपने तय समय पर रवाना हुई. सफर के दौरान कुछ हल्के-फुल्के झटके जरूर लगे, लेकिन कुल मिलाकर यात्रा बेहद आरामदायक रही और उन्हें कोई शिकायत नहीं हुई.

ट्रेन का खाना: कम दाम, बेहतरीन स्वाद

यात्रा के दौरान डॉमिनिक के लिए सबसे बड़ा आकर्षण यहां का किफायती भोजन रहा. उन्होंने ट्रेन में मिलने वाली चाय की खूब तारीफ की, जिसकी कीमत महज 9 पेंस यानी करीब 10 रुपये थी.

रात के खाने में उन्होंने पनीर, करी, बॉम्बे पोटैटो, चिकन करी और रोटी का लुत्फ उठाया, जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 2.50 पाउंड (लगभग 303 रुपये) चुकाए. इसके बाद उन्होंने सिर्फ 1.30 पाउंड (करीब 158 रुपये) में चिकन बिरयानी का भी मजा लिया. उन्होंने वीडियो में दिखाया कि कैसे ट्रेन के अंदर ही गरमा-गरम ऑमलेट और वेज कटलेट जैसी ताजी चीजें तैयार की जा रही थीं.  

'फिर मौका मिला तो जरूर सफर करूंगा'

डॉमिनिक ने सह-यात्रियों के व्यवहार को बेहद मिलनसार और मददगार बताया. इस शानदार अनुभव के बाद उन्होंने भारतीय रेलवे को परफेक्ट 10/10 रेटिंग दी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर दोबारा मौका मिला, तो वे भारतीय ट्रेन में सफर करने से पीछे नहीं हटेंगे. टूरिस्ट का यह वीडियो भारतीय रेलवे की बदलती और बेहतर होती तस्वीर को दुनिया के सामने पेश कर रहा है.

वीडियो देखकर लोगों ने किए कमेंट्स

वायरल वीडियो पर इंटरनेट यूजर्स ने रिएक्शन दिए हैं. @surendarkanka जैसे लोग देश के सकारात्मक पहलू को दिखाने के लिए दिल से धन्यवाद कर रहे हैं. वहीं @tanmayrgup का कहना है कि बुराई करना बहुत आसान है. लेकिन सकारात्मक चीजों को सामने लाने के लिए सचमुच बहुत हिम्मत चाहिए होती है.@call_me_suraj_shukla ने वीडियो की जमकर तारीफ की और कहा है कि आपकी बातें सीधे लोगों के दिलों को छू रही हैं. और आप भारत में एक लोकप्रिय चेहरा बनते जा रहे हैं.

वहीं, @ramasamy5865 ने लिखा, "रेलवे के शौचालयों पर अभी बहुत काम करने की जरूरत है. @1515shasha ने सुरक्षा के लिहाज से यात्रियों को ट्रेन के खाने से बचने की सलाह दी है. @tsuresh01 ने कहा, "मुझे कोई शिकायत नहीं है" वाली बात सुनकर उनकी हंसी छूट गई. और वे खुद भी उसी ट्रेन में सफर करना चाहते हैं जिसका दावा इस वीडियो में किया गया है. @mahendrasao180 ने तो एक जमीनी हकीकत का अनुभव देने के लिए सीधे तौर पर अमरकंटक एक्सप्रेस में सफर करने की चुनौती दे डाली है.



यह भी पढ़ें | एआई की वजह से डूबा बिजनेस? संदीप माहेश्वरी ने 6 महीने बाद बताया- वीडियो डालना क्यों बंद किया

यह भी पढ़ें | "जो मैं जानता हूं, वो मुझे क्या बताओगे" मंदिर के साधु ने अंग्रेजी में विदेशियों को सिखाया धर्म का पाठ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
British Tourist, Indian Railways, Mumbai To Amritsar Train, Viral Train Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com