पेरिस 2024 ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता और 2026 एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान अमन सहरावत ने प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) 2026 का खिताब जीतने का लक्ष्य रखा है. सीजन-6 से पहले उन्हें 56.1 लाख रुपए में रिटेन किया गया है. इसके साथ ही अमन पीडब्ल्यूएल के इतिहास में सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए. 23 वर्षीय अमन सहरावत उन दो पहलवानों में से एक हैं, जिन्हें सोमवार को मुंबई में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी से पहले छह फ्रेंचाइजी टीमों ने रिटेन किया है.
यह रिटेंशन सीजन 5 की शानदार नीलामी के बाद हुआ, जिसमें 63 पहलवानों को 11 करोड़ से अधिक की कीमत पर खरीदा गया था. इसमें जापान की युई सुसाकी ने 60 लाख रुपए की बोली के साथ पीडब्ल्यूएल का रिकॉर्ड बनाया था. वहीं, अमन, अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल, तीनों की कीमत 50 लाख रुपए के पार पहुंच गई थी.
सीजन 5 में कप्तान के तौर पर, अमन ने मैट पर शानदार नेतृत्व किया. 'टाइगर्स' के पहले मुकाबले में उन्होंने सागर शर्मा को 'टेक्निकल सुपीरियरिटी' (तकनीकी श्रेष्ठता) के आधार पर हराया और 'फाइटर ऑफ द मैच' का खिताब जीता. इसके बाद उन्होंने सुमित मलिक (14-5), चिराग छिकारा (17-7) और अंकुश चंद्रम (13-4) को भी हराया.
उन्होंने कहा,"पिछले सीजन में मेरे अपने मुकाबले तो अच्छे रहे, लेकिन एक टीम के तौर पर हमें मनमुताबिक नतीजे नहीं मिले. मैं हार आसानी से स्वीकार नहीं करता. हांगझोऊ में हारने के बाद मैंने वापसी की और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता. अब मैं पीडब्ल्यूएल में अपनी टीम के साथ भी ऐसा ही करना चाहता हूं. मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा और पूरी टीम को साथ लेकर चलूंगा. इस बार हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है."
'टाइगर्स' ने जनवरी में सीजन 5 की नीलामी के दौरान अमन को 51 लाख रुपए में साइन किया था, जिसके बाद वह एशियन गेम्स की पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने. उन्होंने अक्टूबर में जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स के फाइनल में, डीपीआर कोरिया के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन हान चोंग सोंग को 11-7 से हराया. इससे पहले, उन्होंने पेरिस 2024 में कांस्य पदक जीता था, जिससे वह भारत के सबसे युवा ओलंपिक पदक विजेता बन गए.
उन्होंने कहा,"वर्ल्ड चैंपियन के खिलाफ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने से मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है, लेकिन अब मैंने उस पदक को पीछे छोड़ दिया है. मेरा लक्ष्य लॉस एंजिल्स ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है, उससे कम कुछ भी नहीं. इसके लिए पीडब्ल्यूएल (प्रो रेसलिंग लीग) बहुत महत्वपूर्ण है."
अमन ने आगे कहा,"यहां मुझे अलग-अलग देशों के शीर्ष पहलवानों के खिलाफ मुकाबले खेलने को मिलते हैं, और 'पावर मिनट' की वजह से आप एक सेकंड के लिए भी आराम नहीं कर सकते. यह दबाव आपको और मजबूत बनाता है. इस तरह की लीग भारतीय कुश्ती के लिए बहुत मददगार है, खासकर युवा पहलवानों के लिए, जिन्हें ओलंपिक और विश्व पदक विजेताओं के साथ मैट साझा करने का मौका मिलता है."
सीजन 6 का आयोजन 3 से 19 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित केडी जाधव रेसलिंग एरिना में, रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) की देखरेख में किया जाएगा. अमन के लिए, राजधानी आना घर वापसी जैसा है.
उन्होंने कहा,"यह सीजन दिल्ली में हो रहा है, जहां मैंने छत्रसाल स्टेडियम में कुश्ती करते हुए अपना बचपन बिताया है, इसलिए यह बिल्कुल घर जैसा महसूस होगा. मुझे उम्मीद है कि प्रशंसक बड़ी संख्या में आएंगे और हमारा समर्थन करेंगे." सोमवार को होने वाली नीलामी में 24 देशों के 209 पहलवान शामिल होंगे, और प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए 2 करोड़ रुपए का बजट होगा.
(इनपुट- आईएएनएस)
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा नंबर-6, लिस्ट में अरशद नदीम का भी नाम, जैवलिन के टॉप-12 खिलाड़ियों में नंबर-1 बना भारत
यह भी पढ़ें: MS Dhoni के खास क्लब में शामिल हुए ध्रुव जुरेल, न्यूजीलैंड में नंबर-7 पर बनाया खास रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं