साल 1999, कारगिल युद्ध शुरू हो चुका था. 8वीं जाट रेजिमेंट के जवान नेम चंद जुरेल भी मोर्चे पर जाने की तैयारी कर रहे थे. उन्हें पता था कि आने वाले दिन उनकी और उनके परिवार की जिंदगी बदल सकते हैं. ऐसे में उन्होंने अपनी पत्नी के नाम एक आखिरी चिट्ठी लिखी. यह कोई भावुक विदाई पत्र नहीं था, बल्कि एक जिम्मेदार सैनिक की व्यावहारिक सोच का प्रतीक था.उन्होंने अपनी बचत और फिक्स्ड डिपॉजिट का ब्योरा दिया और समझाया कि अगर वह वापस नहीं लौटते हैं, तो उनकी पत्नी पैसों का इंतजाम कैसे कर सकती हैं.
नेम चंद याद करते हुए बताते हैं, "जब युद्ध शुरू हुआ, तो मुझे याद है कि मैंने अपनी पत्नी को एक खत लिखा था, मैंने उन्हें अपनी सारी बचत और फिक्स्ड डिपॉजिट के बारे में बताया और यह भी बताया कि अगर मुझे कुछ हो जाता है, तो वह पैसों का इंतजाम कैसे कर सकती हैं. मैंने उनसे यह भी कहा कि पैसों का सही इस्तेमाल करना. "
बता दें कि 8वीं जाट रेजिमेंट के सदस्य रहे नेम चंद ने कारगिल युद्ध में हिस्सा लिया था. 2008 में सेना से वॉलंटरी रिटायरमेंट लेने के बाद भी, वह अनुभव आज भी उनकी यादों में ताजा है. दो दशक से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद, अब यह पूर्व सैनिक एक और लड़ाई देख रहा है, हालांकि यह मैदान बिल्कुल अलग है. उनका बेटा ध्रुव जुरेल 22 गज की पिच पर भारत के लिए लड़ रहा है. भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल जब भी कोई खास मुकाम हासिल करते हैं, तो वह अपने पिता को याद करना नहीं भूलते. वह अक्सर उनकी तरफ देखकर उन्हें सैल्यूट करते हैं. इस इशारे के पीछे एक गहरा अर्थ छिपा है, जो पहली नजर में शायद समझ न आए.
नेम चंद को वह दिन याद है जब युद्ध के बाद उनकी रेजिमेंट पहाड़ों से नीचे लौटी थी. उन्होंने कहा, "हमने पूरी ताकत के साथ कारगिल युद्ध लड़ा था. मुझे याद है कि जब युद्ध खत्म हुआ, तो 8वीं जाट पहली रेजिमेंट थी जो पहाड़ियों से नीचे आई थी. जीत के बाद जब हम मैदानी इलाके में पहुंचे, तो ऐसा लगा जैसे कोई सपना देख रहे हों. "
"26 जुलाई को 'विजय दिवस' घोषित किया गया और 27 जुलाई को हम पहाड़ियों से नीचे आ गए." जब यह युद्ध हुआ था, तब ध्रुव का जन्म भी नहीं हुआ था. हालांकि, उनकी बेटी उस समय थी, और परिवार को उस अनिश्चितता का सामना करना पड़ा जो किसी अपने के मोर्चे पर होने से जुड़ी होती है. अब, जब नेम चंद अपने बेटे को देश का प्रतिनिधित्व करते हुए देखते हैं, तो उनके मन में एक अलग ही तरह की भावना उमड़ती है.
बेटे ध्रुव जुरेल पर गर्व करते हैं वीर सैनिक पिता
ध्रुव शुरुआती सालों में पढ़ाई-लिखाई में काफी होशियार था, लेकिन धीरे-धीरे क्रिकेट उसके लिए सबसे अहम हो गया. उन्होंने बताया, "शुरुआती सालों में वह पढ़ाई में बहुत होशियार था, लेकिन जब क्रिकेट उसकी प्राथमिकता बन गया, तो पढ़ाई पीछे छूट गई। जैसे-तैसे उसने 10वीं बोर्ड की परीक्षा पास कर ली."
हालांकि, अपने बेटे के क्रिकेट के सपनों के साथ समझौता करने का सवाल ही नहीं उठता था. उन्होंने कहा, "जब ध्रुव ने क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो मैंने उसे किसी भी चीज से समझौता नहीं करने दिया. चाहे बल्ला हो, क्रिकेट के जूते हों या कोई और सामान, हमने कभी कोई समझौता नहीं किया."
नेम चंद के जीवन में भी एक खास 'पहली बार' वाली घटना घटी है. वे पहली बार अपनी पत्नी के साथ विदेश गए हैं, ताकि अपने बेटे को खेलते हुए देख सकें. उन्होंने कहा, "हम पहली बार विदेश आए हैं, ध्रुव ने कहा था, 'पापा, आ जाइए.' अब सीरीज खत्म होने के बाद वह तय करेगा कि कहीं घूमने जाना है या नहीं. वह कम बोलता है, और हम भी उससे कम ही पूछते हैं."
ध्रुव के इंटरनेशनल डेब्यू के समय भी पिता और बेटे की योजनाएं अलग-अलग थीं. उन्होंने बताया, "जब उसका डेब्यू हो रहा था, तब मैं वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने गया था. ध्रुव ने मुझे बुलाया था, लेकिन मैंने मना कर दिया. हम ठाकुर जी के भक्त हैं."
With four Jurel gets his flighting fifty and India moves to 199/8💪💪💪🇮🇳🇮🇳👍👍👍👍👍👍👍 #dhruvjurel #jaijavaan #army #NzvsIND #Indianarmy https://t.co/x8TcoKNltS
— Dr. Praveen (@rastravaadi02) November 29, 2026
नेम चंद के लिए, आस्था हमेशा से उनके जीवन का एक अहम हिस्सा रही है. और भले ही वे अपनी भावनाओं को खुलकर ज़ाहिर न करते हों, लेकिन उनके बेटे की उपलब्धियां उनके लिए बहुत मायने रखती हैं. जो इंसान कभी कारगिल की पहाड़ियों पर देश की रक्षा के लिए तैनात था, वह अब अपने बेटे को क्रिकेट के मैदान पर भारत के लिए खेलते हुए देखता .और हर बार जब ध्रुव कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद सैल्यूट करता है, तो शायद यह उस सैनिक के प्रति सम्मान जताने का उसका अपना तरीका होता है, जिसने उसे सिखाया था कि देश के लिए लड़ने का क्या मतलब होता है.
(PTI के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें | विवियन रिचर्ड्स नंबर-5, ब्रैडमैन- हेडन ओपनर, इमरान खान कप्तान, वकार यूनुस की ऑल टाइम टेस्ट प्लेइंग-11
यह भी पढ़ें | नंबर 1 उर्विल पटेल-अभिषेक शर्मा, पंत भी लिस्ट में, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने वाले 5 बैटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं