एक बार फिर NCP (SP) प्रमुख शरद पवार का नाम भगोड़े दाऊद इब्राहिम के साथ जोड़ा गया है. जो लोग पिछले कुछ दशकों से शरद पवार के राजनीतिक सफर पर नजर रखे हुए हैं, उन्हें VBA नेता प्रकाश आंबेडकर के इस आरोप से कोई हैरानी नहीं हुई कि पवार के भगोड़े आतंकवादी दाऊद इब्राहिम के साथ संबंध थे. पुणे में, परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) का समर्थन करने के लिए पवार की आलोचना करते हुए, आंबेडकर ने कहा कि NCP दाऊद की पार्टी है और दाऊद, शरद पवार का "बॉस" है.
इससे पहले भी आंबेडकर ने पवार को दाऊद से जोड़कर उन पर निशाना साधा था. आंबेडकर के अनुसार, जब पवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे, तब दुबई दौरे के दौरान दाऊद ने सोने का हार पहनाकर उनका स्वागत किया था. यह पहली बार नहीं है जब 80 वर्षीय NCP (SP) प्रमुख पर भारत के सबसे वांछित अपराधी के करीबी होने का आरोप लगा हो. 1990 के दशक में ऐसे आरोप काफी आम थे, लेकिन शायद ही कभी इनके पक्ष में कोई ठोस सबूत मिल पाया.
किसने लगाया सबसे पहले आरोप
शरद पवार को दाऊद का आदमी बताने वालों में मुंबई के नगर निगम अधिकारी जीआर खैरनार सबसे आगे थे. 1990 के दशक की शुरुआत में, खैरनार ने 'डी-कंपनी' द्वारा कथित तौर पर बनाई गई इमारतों के खिलाफ एक अभियान चलाया, जिसके कारण उन्हें "डिमोलीशन मैन" कहा जाने लगा. उनका सबसे चर्चित कदम पाकमोडिया स्ट्रीट पर बनी आलीशान 'मेहजबीन' इमारत को ढहाना था, जिसे दाऊद ने अपनी पत्नी मेहजबीन कासकर को समर्पित किया था. इस इमारत में अत्याधुनिक सुविधाएं थीं और यह उस इलाके की पुरानी और जर्जर इमारतों से बिल्कुल अलग दिखती थी.

मेहजबीन विध्वंस से मुंबई गरमाई
मेहजबीन के विध्वंस के बाद, खैरनार के लिए मुश्किलें शुरू हो गईं. दाऊद की जिन इमारतों की पहचान खैरनार ने की थी, उनमें से ज्यादातर मुस्लिम इलाकों में थीं. इस वजह से स्थानीय राजनेताओं ने आरोप लगाया कि खैरनार एक ख़ास समुदाय को निशाना बना रहे हैं. एक तरफ उन पर सांप्रदायिक पक्षपात के आरोप लग रहे थे, वहीं दूसरी तरफ एक घटना की वजह से उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई. एक दिन, जब खैरनार मोहम्मद अली रोड पर अवैध दुकानों को गिराने का अभियान चला रहे थे, तो एक विवाद खड़ा हो गया. जिन दुकानों को गिराया गया, उनमें से एक धार्मिक किताबें बेचने वाली दुकान भी थी. दाऊद के गुर्गे और स्थानीय निवासी सलीम तलवार ने खैरनार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया और उन पर पवित्र क़ुरान का अपमान करने का आरोप लगाया. इससे मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति नाजुक हो गई.
शरद पवार थे तब मुख्यमंत्री
चूंकि कांग्रेस सत्ता में थी और उसका पारंपरिक वोट बैंक मुस्लिम समुदाय था, इसलिए खैरनार की कार्रवाइयां पार्टी को पसंद नहीं आईं. यह तय किया गया कि अब खैरनार किसी भी ढांचे को तभी गिरा सकेंगे, जब कोई समिति इसकी मंजूरी देगी. इसके अलावा, संवेदनशील इलाकों में तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए उन्हें पुलिस सुरक्षा पाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी. अपनी शक्तियां कम किए जाने के बाद, खैरनार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शरद पवार पर कई आरोप लगाने शुरू कर दिए. उन्होंने पवार को दाऊद का आदमी बताया और दावा किया कि उन्हें 'डी-कंपनी' के इशारे पर परेशान किया जा रहा है. खैरनार ने यह भी दावा किया कि उनके पास शरद पवार और दाऊद के संबंधों को साबित करने के लिए सबूतों का अंबार है. हालांकि, बाद में उन्हें आदेश नहीं मानने समेत कई आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया.

बाल ठाकरे ने की घोषणा
खैरनार के आरोपों को बीजेपी और शिवसेना जैसे विपक्षी दलों ने लपक लिया. शिवसेना के मुखपत्र में अक्सर पवार पर अपराधियों को पनाह देने का आरोप लगाया जाता था. एक चुनावी रैली में, बाल ठाकरे ने खुलेआम घोषणा की, "अगर उनके पास दाऊद है, तो हमारे पास गवली है." अरुण गवली दाऊद का कट्टर दुश्मन था, उसे ठाकरे का समर्थन हासिल था. इस बयान में "उनके" (यानी 'वे') शब्द का इशारा पवार के नेतृत्व वाली कांग्रेस की ओर था. (कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यहां "वे" का मतलब मुसलमानों से था.)
1990 में, पवार पर आरोप लगा कि उन्होंने विरार और उल्हासनगर के उन लोगों को राजनीति में आने में मदद की, जिन पर TADA के तहत मामले दर्ज थे और जो कथित तौर पर दाऊद के लिए काम करते थे. इन लोगों को न केवल कांग्रेस का टिकट दिया गया, बल्कि शरद पवार ने इनके लिए चुनाव प्रचार भी किया. हालांकि, अपनी आत्मकथा "ऑन माई टर्म्स" में पवार ने दावा किया कि उन्हें (ऐसे लोगों को) कांग्रेस में शामिल करने का फैसला पार्टी का था, और उन्होंने पार्टी के निर्देश पर ही उनके लिए प्रचार किया था.
1994 में, IPS अधिकारी उल्हास जोशी ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक हलफनामा दायर किया. इसमें कहा गया कि शरद पवार ने (रक्षा मंत्री और बाद में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहते हुए) विरार और उल्हासनगर के उन दो गैंगस्टरों को बचाया जो कथित तौर पर दाऊद के लिए काम करते थे. पवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और पलटवार करते हुए कहा कि जोशी ऐसे दावे इसलिए कर रहे हैं क्योंकि एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) उनके (जोशी के) खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच कर रहा है.
राम जेठमलानी ने भी किया दावा
मगर शरद पवार एक बार फिर मुश्किल में तब घिर गए, जब दिवंगत वकील राम जेठमलानी ने दावा किया कि दाऊद इब्राहिम आत्मसमर्पण करना चाहता था, लेकिन उस समय सरकार में मौजूद पवार ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया. जेठमलानी के अनुसार, दाऊद ने उन्हें लंदन से फोन किया और कुछ शर्तों के साथ आत्मसमर्पण करने की पेशकश की. जेठमलानी ने यह प्रस्ताव पवार के सामने रखा, जिसे उन्होंने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि कोई भगोड़ा सरकार के सामने अपनी शर्तें नहीं रख सकता.

असल में, अब तक ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो सके कि पवार और दाऊद के बीच कोई संबंध था. न तो खैरनार ने अपने पास मौजूद सबूतों का ढेर पेश किया, और न ही किसी जांच एजेंसी ने यह दावा किया कि पवार की उस डॉन के साथ मिलीभगत थी.
अक्टूबर 1993 में, तत्कालीन केंद्रीय गृह सचिव एनएन वोहरा ने अपराधियों और राजनेताओं की मिलीभगत पर एक रिपोर्ट सौंपी थी, लेकिन यह पूरी रिपोर्ट कभी सार्वजनिक नहीं की गई. ऐसा माना जाता है कि वोहरा ने अपनी रिपोर्ट में कुछ वरिष्ठ राजनेताओं के दाऊद इब्राहिम और अन्य गैंगस्टरों के साथ गहरे संबंधों का जिक्र किया था.
यह भी पढ़ें | कभी जलाई थी कॉपी, अब परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के पक्ष में कैसे आई DMK और NCP? इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं