विज्ञापन

दही हांडी को लेकर मुंबई में अलर्ट; गोविंदाओं के लिए 105 बेड रिजर्व, BMC की खास तैयारी, DJ पर सख्ती

मुंबई में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले दही हांडी उत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है. वहीं सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने विशेष इंतजाम किए हैं.

दही हांडी से पहले मुंबई अलर्ट, गोविंदाओं के लिए 105 बेड रिजर्व
IANS
मुंबई:

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई पूरी तरह दही हांडी के रंग में रंग चुकी है. शहरभर में गोविंदा पथकों ने मानव पिरामिड बनाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं और प्रमुख आयोजनों में महिला एवं दृष्टिबाधित गोविंदा टीमों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. दूसरी ओर, संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने स्वास्थ्य व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा है. घायल गोविंदाओं के इलाज के लिए 105 बेड आरक्षित किए गए हैं और प्रमुख अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं. वहीं आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए मुंबई पुलिस ने डीजे और ध्वनि प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया है.

Dahi Handi: दही हांडी की धूम

Dahi Handi: दही हांडी की धूम
Photo Credit: IANS

शहरभर में दही हांडी की धूम

मुंबई और आसपास के इलाकों में दही हांडी उत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. दादर, परेल, लालबाग, वर्ली, भांडुप, मुलुंड, जोगेश्वरी और अंधेरी समेत कई इलाकों में गोविंदा पथकों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

इस बार कई आयोजनों में महिला गोविंदा टीमों और दृष्टिबाधित प्रतिभागियों की भागीदारी भी देखने को मिलेगी. दादर और आइडियल दही हांडी जैसे प्रमुख आयोजनों में सामाजिक और ऐतिहासिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी.

परेल, लालबाग, वर्ली, दादर, भांडुप, मुलुंड, जोगेश्वरी और अंधेरी के अलावा ठाणे और नवी मुंबई में भी जोरदार तैयारियां की गई हैं. विभिन्न मंडलों में लोकप्रिय हिंदी और मराठी गीतों के बीच उत्सव का माहौल पूरी तरह रंगीन नजर आ रहा है.

Dahi Handi: दही हांडी को लेकर बीएमसी अलर्ट

Dahi Handi: दही हांडी को लेकर बीएमसी अलर्ट
Photo Credit: IANS

बीएमसी ने अस्पतालों को किया हाई अलर्ट

दही हांडी के दौरान मानव पिरामिड बनाने में चोट लगने की आशंका को देखते हुए बीएमसी ने अपने अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था की है. महानगरपालिका के अनुसार, 16 उपनगरीय अस्पतालों में कुल 105 बेड आरक्षित किए गए हैं. इसके अलावा सायन स्थित लोकमान्य तिलक अस्पताल, परेल के केईएम अस्पताल और मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल में भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई है.

अस्पतालों को पर्याप्त मात्रा में दवाएं, इंजेक्शन, शल्य चिकित्सा सामग्री, प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही एक्स-रे मशीनों और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह कार्यशील रखा गया है.

बीएमसी का कहना है कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायल गोविंदाओं को तत्काल और निशुल्क उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

दही हांडी कार्यक्रमों में बड़ी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए मुंबई पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है. प्रमुख आयोजन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन लगातार कार्यक्रमों की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

गणेशोत्सव से पहले DJ पर सख्ती

दही हांडी की तैयारियों के बीच आगामी गणेशोत्सव को लेकर भी प्रशासन सक्रिय हो गया है. मुंबई और नवी मुंबई पुलिस ने डीजे और अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट और सरकार द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नियम तोड़ने वाले गणेश मंडलों, आयोजकों और डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सकता है. प्रशासन का कहना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सवों की परंपरा को बनाए रखते हुए कानून और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : वज्र योग में दही हांडी आज, जन्माष्टमी के अगले दिन क्यों फोड़ी जाती है मटकी? जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Dahi Handi, Dahi Handi 2026, Govinda, Janmashtami Celebration, Krishna Janmashtami
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com