90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा बॉलीवुड में कमबैक करने को तैयार हैं, जिसके चलते वह हाल ही में अपनी फिल्म 'रूपा' की को-स्टार रानी स्वर्णकार के साथ मशहूर लालबागचा राजा पंडाल में दर्शन करने पहुंचे थे, जिसके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. वहीं गोविंदा की पर्सनल लाइफ चर्चा का कारण बन गई है. इसी बीच ANI को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने मामले पर चुप्पी तोड़ी और बताया कि वह लालबागचा राजा के दर्शन करने अपनी को स्टार के साथ क्यों गए थे. वहीं उन्होंने अपनी को स्टार रहीं करिश्मा कपूर और रवीना टंडन का भी जिक्र किया.
कोमल रानी के साथ मंदिर जाने का बताया कारण
गोविंदा ने कहा, "मैं अपनी फिल्म 'रूपा' के लिए प्रार्थना करने लालबागचा गया था. इससे पहले, मैं करिश्मा कपूर के साथ मंदिरों में गया था और वह मेरे लिए लकी साबित हुआ. मेरी फिल्में बहुत बड़ी हिट रहीं. मैं रवीना टंडन के साथ भी गया था और अब रानी स्वर्णकार के साथ गया. मैंने प्रार्थना की क्योंकि मैं लंबे समय बाद फिर से शुरुआत कर रहा हूं. "
पर्सनल लाइफ पर कही ये बात
गोविंदा ने अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में फैली अफवाहों पर जवाब देते हुए कहा कि यह उनके खिलाफ एक सोची-समझी चाल है ताकि उन्हें उनके परिवार से दूर किया जा सके और उनकी छवि खराब की जा सके. उन्होंने कहा, "इसमें किसी की गलती नहीं है. यह बहुत ही सोची-समझी चाल है. ऐसी चीजें और भी होंगी. मुझे मेरे परिवार से दूर करने और फिर समाज में मेरी छवि खराब करने की योजना का यह एक हिस्सा था. मैंने अपने काम के अलावा कभी किसी चीज पर ध्यान नहीं दिया. मैं बस काम करता रहा. बहुत से लोग मेरी तारीफ करते थे. यह किसी के लिए भी चर्चा का विषय नहीं होना चाहिए. भले ही कोई अफेयर हो. मैं काम कर रहा हूं और एक प्रोफेशनल रिश्ता बनाए हुए हूं."
राखी सावंत ने किया था कमेंट
हाल ही में गोविंदा मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने गए, जहां उनके साथ उनकी को-स्टार रूपा स्वर्णकार भी थीं, जो माथे में सिंदूर लगाए नजर आई थीं. वहीं इसके बाद राखी सावंत ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर अभिनेता को को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार से दूरी बनाने के लिए कहा। राखी सावंत कहती हैं, "अरे गोविंदा जी क्या हो गया आपको. आप मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार में कोमल को लेकर गए, जो कि बहुत गलत था. आपको तो अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ जाना चाहिए था, जिनके साथ आपने अपनी आधी जिंदगी गुजार डाली. आप मेरे इतने अच्छे मित्र हैं, इसलिए मैं आज तक आपका साथ दे रही थी, लेकिन इस बार तो मुझे भी आप गलत लगे. आपको पत्नी सुनीता को साथ में ले जाना था. ऐसे दोनों लोग अलग अलग दर्शन कर रहे हो, अच्छा नहीं लगता है. आप कुछ भी कर लो, लेकिन सुनीता आहूजा जी आपको कभी अकेला नहीं छोड़ेगीं. आप उनके साथ में हमेशा रहेंगे और ये कौन है कोमल. ठीक है अगर अभिनेत्री है, तो उसे साइड में रखिए."
राखी सावंत ने कोमल के बारे में कहा, "गोविंदा जी आप क्यों कोमल के साथ घूम रहे हो, कौन है वो. आप अपनी पत्नी सुनीता आहूजा को लेकर घूमो ना कितनी प्यारी हैं, उन्होंने आपके साथ इतने साल बिता दिए, आपके बच्चों को पाला और अच्छी परवरिश दी. आपका दिल बहुत बड़ा है. ठीक है अब सुनीता आहूजा जी भी शांत हो गई हैं. सुबह का भूला अगर शाम को घर आ जाता है, तो उसे भूला नहीं कहते हैं."
बता दें कि गोविंदा जल्द ही नई एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार के साथ 'रूपा' फ़िल्म में नजर आएंगे. जबकि वहीं, गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा 'हीरो की हॉररइन' से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं, जो 7 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इस फिल्म में सुनीता आहूजा, नितांशी गोयल, जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी अहम भूमिकाओं में हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं