- CM फडणवीस का वीडियो हटाने पर Meta घिरी, VHP ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
- World Hindu Congress 2026 के प्रमोशनल वीडियो पर Meta की कार्रवाई से बवाल
- मुंबई में होने वाले वैश्विक हिंदू सम्मेलन से पहले सोशल मीडिया विवाद
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 के प्रचार से जुड़े महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम से हटाए जाने के बाद नया विवाद शुरू हो गया है. आयोजन समिति और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मेटा की इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है. उनका आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के वीडियो हटाया गया, जबकि इसमें लोगों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की गई थी. मामले को लेकर पुलिस और केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों से भी हस्तक्षेप की मांग की गई है.
दो बार हटाया गया वीडियो
NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 से जुड़ा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का प्रचार वीडियो 26 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था. वीडियो हटाए जाने के बाद आयोजकों ने उसी रात इसे दोबारा पोस्ट किया, लेकिन 27 अक्टूबर को इसे फिर से हटा दिया गया. आयोजन समिति का कहना है कि मेटा ने वीडियो हटाने के पीछे किसी विशेष कानून, नियम या नीति का स्पष्ट हवाला नहीं दिया.

मेटा ने हटाई सीएम की पोस्ट
Photo Credit: वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट
VHP ने लगाया पक्षपात का आरोप
विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल और वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की आयोजन समिति ने इस कार्रवाई को हिंदू विरोधी पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया है. उन्होंने मांग की है कि मेटा तत्काल वीडियो बहाल करे और इस कार्रवाई के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगे. उनका कहना है कि यदि वीडियो में किसी नियम का उल्लंघन हुआ है तो कंपनी को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि कार्रवाई किस आधार पर की गई.
पुलिस और केंद्र सरकार को लिखा पत्र
मामले को लेकर आयोजन समिति और VHP ने मुंबई पुलिस, दिल्ली पुलिस, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र भेजा है. इन पत्रों में मेटा की कार्रवाई की जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की गई है कि वीडियो हटाने का फैसला मौजूदा कानूनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म नियमों के अनुरूप था या नहीं. आयोजकों ने यह भी मांग की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जवाबदेही तय की जाए और यदि कोई उल्लंघन पाया जाए तो आवश्यक कार्रवाई की जाए.
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की आयोजन समिति ने मेटा को सीधे पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है. VHP प्रवक्ता विनोद बंसल ने चेतावनी दी है कि यदि मेटा ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और वीडियो बहाल नहीं किया, तो संगठन कानूनी रास्ता अपनाने पर विचार करेगा.
दिसंबर में मुंबई में होगा वैश्विक सम्मेलन
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में प्रस्तावित है. यह वैश्विक सम्मेलन हर चार वर्ष में आयोजित किया जाता है. इससे पहले वर्ष 2023 में इसका आयोजन बैंकॉक में हुआ था. सम्मेलन में अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व और हिंदू संगठनों से जुड़े सात प्रमुख विषयों पर सत्र आयोजित होंगे. आयोजकों के अनुसार दुनिया भर से करीब 4,000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है.
RSS प्रमुख समेत ये हस्तियां होंगी शामिल
आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल, एनएसई के एमडी एवं सीईओ आशीष कुमार चौहान, उद्योगपति सुमंत सिन्हा और गीतकार-लेखक मनोज मुंतशिर सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : 'एकतरफा नैरेटिव न दिखाएं, एल्गोरिद्म का रिव्यू करें...', Meta को केंद्र की सख्त नसीहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं