महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में स्थित तोरणमाल हिल स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया. यहां सीताखाई पॉइंट पर जिप लाइन का आनंद लेने गया एक पर्यटक अचानक बीच रास्ते में हवा में फंस गया. उसके नीचे करीब 3500 फीट गहरी खाई थी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
सीताखाई पॉइंट तोरणमाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिना जाता है. पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यहां हाल ही में जिप लाइन एडवेंचर राइड शुरू की गई है. बड़ी संख्या में लोग इस रोमांचक गतिविधि का अनुभव करने पहुंच रहे हैं. इसी दौरान एक पर्यटक जिप लाइन पर सवार होकर खाई के ऊपर से गुजर रहा था. तभी तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच रास्ते में ही रुक गया. देखते ही देखते पर्यटक हजारों फीट गहरी खाई के ऊपर हवा में लटक गया.
मौके पर मची अफरातफरी
पर्यटक को बीच खाई में फंसा देख वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. लोगों को डर था कि यदि समय रहते मदद नहीं पहुंची तो बड़ा हादसा हो सकता है.
3,500 फीट गहरी खाई के ऊपर हवा में फंसा पर्यटक
— NDTV India (@ndtvindia) July 30, 2026
महाराष्ट्र के दूसरे सबसे बड़े हिल स्टेशन तोरणमाल के सीताखाई पॉइंट पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक पर्यटक 3,500 फीट गहरी खाई के ऊपर जिप लाइन राइड के दौरान तकनीकी खराबी के कारण बीच हवा में फंस गया. हाल ही में शुरू की गई इस एडवेंचर राइड… pic.twitter.com/VmI4K595F0
कर्मचारियों ने दिखाई सूझबूझ
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जिप लाइन संचालकों और कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. प्रशिक्षित कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक पर्यटक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहने से वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना के बाद जिप लाइन की तकनीकी सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं. हालांकि समय पर किए गए रेस्क्यू के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित है और घटना के बाद उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: 23 करोड़ का पुल तैयार, फिर भी 7 महीने से बंद; उद्घाटन की राजनीति में फंसे लोग?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं