- मोहम्मद माजिन ने शादी का झांसा देकर महिलाओं से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया
- आरोपी ने 14 महिलाओं से धोखे से लाखों रुपये वसूले और उनके निजी वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे
- माजिन विदेश भाग गया था, जिसकी तलाश में महाराष्ट्र पुलिस ने CBI से सहयोग लिया था
विदेश में वह शादी का झांसा देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था और फिर उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करता था. आरोपी मोहम्मद माजिन को आखिरकार विदेश से भारत वापस लाया गया है. माजिन को CBI ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर UAE से डिपोर्ट कराया है. वह महाराष्ट्र पुलिस के एक मामले में वांटेड था. उसने महिलाओं का सिर्फ शारीरिक शोषण ही नहीं किया बल्कि उनसे पैंसे भी ऐंठे. अब वह महाराष्ट्र पुलि के हत्थेचढ़ चुका है.
शादी का झांसा देकर महिलाओं का किया शोषण
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद माजिन शादी का झांसा देकर पहले एक महिला को अपने करीब लाया और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान उसने महिला से करीब 18 लाख रुपये भी धोखे से हासिल कर लिए. इस मामले में पुलिस पहले ही अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया था और उनसे पैसे वसूले थे. इतना ही नहीं उसने और उनके साथ बनाए गए निजी पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए.इसके बाद वह विदेश भाग गया था.
विदेश में लोकेशन का पता लगातर किया गिरफ्तार
मोहम्मद माजिन की तलाश के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने CBI से मदद मांगी थी. इसके बाद CBI के इंटरपोल विंग ने आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया. रेड नोटिस के आधार पर UAE की एजेंसियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया.
मोहम्मद माजिन को पकड़ने UAE पहुंची थी महाराष्ट्र पुलिस
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE अधिकारियों ने आरोपी को भारत डिपोर्ट करने की मंजूरी दी. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम UAE पहुंची, जहां आरोपी को भारतीय अधिकारियों के हवाले किया गया. 20 नवंबर को आरोपी को पुलिस टीम के साथ कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया.
विदेश से अब तक 300 से ज्यादा वांटेड भारत लाए गए
CBI के मुताबिक, भारत में इंटरपोल की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के तौर पर CBI देश की अलग-अलग जांच एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशों में छिपे अपराधियों को वापस लाने का काम करती है. इसके लिए BHARATPOL के जरिए अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाता है. CBI का दावा है कि साल 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से ज्यादा वांटेड अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है. इनमें साल 2026 में अब तक 74 भगोड़े अपराधी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें-जिस पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं, वहां के मंत्री 3 साल बाद भारत क्यों आए? दिल्ली में मुसादिक मलिक ने रखा कदम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं