- महाराष्ट्र सरकार ने 12 साल से कम उम्र के बच्चों के अकेले लिफ्ट और एस्केलेटर उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है
- नए नियम 1 नवंबर 2026 से लागू होंगे और बच्चों के साथ जिम्मेदार वयस्क का होना अनिवार्य होगा
- सभी लिफ्टों का सालाना सेफ्टी ऑडिट कराना और रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपना जरूरी होगा
महाराष्ट्र सरकार ने हादसों को रोकने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नए नियम लागू किए हैं. इन नियमों के तहत 12 साल से कम उम्र के बच्चों के अकेले लिफ्ट और एस्केलेटर का इस्तेमाल करने पर पाबंदी लगा दी गई है.
क्या हैं नए नियम?
नए नियमों के अनुसार, 12 साल से कम उम्र के बच्चे तब तक लिफ्ट या एस्केलेटर का इस्तेमाल नहीं कर सकते, जब तक कि उनके साथ कोई माता-पिता या कोई अन्य जिम्मेदार वयस्क न हो. ये नियम 'महाराष्ट्र लिफ्ट, एस्केलेटर और मूविंग वॉक्स एक्ट, 2026' के तहत 1 नवंबर, 2026 से लागू हो गए हैं.
नए नियमों में लिफ्ट की नियमित जांच और सर्विसिंग को भी अनिवार्य कर दिया गया है. इसके अलावा, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए हर लिफ्ट का साल में एक बार सेफ्टी ऑडिट कराना जरूरी होगा.
जिन लिफ्टों और एस्केलेटरों में फिलहाल ये सुरक्षा फीचर मौजूद नहीं हैं, उन्हें नियमों के अनुरूप बनाने के लिए 28 अक्टूबर 2027 तक का समय दिया गया है.
नए नियमों में यह भी प्रावधान किया गया है कि लिफ्ट, एस्केलेटर या मूविंग वॉकवे से जुड़ी किसी भी दुर्घटना की सूचना 24 घंटे के भीतर स्थानीय पुलिस और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को देना अनिवार्य होगा. वहीं, छह महीने या उससे अधिक समय से बंद पड़े एस्केलेटर या मूविंग वॉकवे को दोबारा शुरू करने से पहले अधिकृत ठेकेदार द्वारा सुरक्षा जांच करानी होगी.
सरकार ने बिल्डिंग प्रबंधन समितियों, हाउसिंग सोसायटियों और ठेकेदारों की जवाबदेही भी तय की है. नियमों का पालन न करने या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित लिफ्ट या एस्केलेटर को सील करने अथवा बंद कराने का अधिकार भी अधिकारियों को दिया गया है.
यह भी पढ़ें | अकोला के युवक की इंदौर में संदिग्ध मौत, परिवार ने अघोरी पूजा में नरबलि का लगाया आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं