विज्ञापन

महाराष्ट्र: 23 करोड़ का पुल तैयार, फिर भी 7 महीने से बंद; उद्घाटन की राजनीति में फंसे लोग?

पुणे में खराड़ी और केशवनगर को जोड़ने वाला पुल सात महीने पहले बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक आम लोगों के लिए नहीं खोला गया.

महाराष्ट्र: 23 करोड़ का पुल तैयार, फिर भी 7 महीने से बंद; उद्घाटन की राजनीति में फंसे लोग?
पुणे में सात महीने पहले बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन खुला नहीं है.

महाराष्ट्र के पुणे में खराड़ी और केशवनगर को जोड़ने वाला मुळा-मुठा नदी का पुल पिछले सात महीने से तैयार खड़ा है, लेकिन अभी तक आम जनता के लिए नहीं खोला गया है.इससे रोजाना हजारों लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है.स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुल का उद्घाटन राजनीतिक कारणों से अटका हुआ है.

पुल बंद होने के कारण दोपहिया वाहन चालक और स्थानीय निवासी बैरिकेड्स पार कर फुटपाथ के रास्ते पुल का उपयोग करने को मजबूर हैं.इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है.लोगों का कहना है कि जब पुल पूरी तरह तैयार है तो उसे चालू करने में देरी क्यों की जा रही है.

आईटी हब की बड़ी समस्या बन चुका है ट्रैफिक

खराड़ी और मुंढवा-केशवनगर क्षेत्र पुणे के प्रमुख आईटी और व्यावसायिक केंद्रों में शामिल हैं.यहां कई बड़ी आईटी कंपनियां, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, शैक्षणिक संस्थान और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के कार्यालय मौजूद हैं.इसके अलावा बड़ी संख्या में आवासीय परियोजनाएं भी विकसित हुई हैं. सुबह और शाम के समय इस इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग जाता है.नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, छात्रों और स्थानीय नागरिकों का काफी समय सड़कों पर ही बीत जाता है.

तीन साल पहले शुरू हुआ था पुल निर्माण

यातायात का दबाव कम करने और दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने तीन साल पहले इस पुल का निर्माण शुरू कराया था.अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य सात महीने पहले पूरा हो गया था.हालांकि नगर निगम का कहना है कि केशवनगर की ओर पुल से जुड़ने वाली लगभग 700 मीटर लंबी एप्रोच रोड का काम अभी अधूरा है.इसी कारण पुल का उद्घाटन नहीं हो पाया है.

स्थानीय लोगों ने लगाए राजनीतिक आरोप

दूसरी ओर स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वास्तविक वजह तकनीकी नहीं बल्कि राजनीतिक है.उनका आरोप है कि विभिन्न नेताओं के बीच उद्घाटन का श्रेय लेने की होड़ के कारण पुल को शुरू नहीं किया जा रहा है.

पुल की खासियत

कुल लागत: 23 करोड़ 20 लाख रुपये
कुल लंबाई: 246.40 मीटर
कुल चौड़ाई: 24 मीटर
दोनों ओर वाहन मार्ग: 9-9 मीटर
पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ: 2 मीटर
डिवाइडर की चौड़ाई: 1 मीटर
क्रैश बैरियर: 0.50 मीटर चौड़ा और 1.25 मीटर ऊंचा

लोगों की मांग

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये से बने इस पुल को जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि खराड़ी और केशवनगर के बीच सफर आसान हो सके और वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक समस्या से राहत मिल सके.

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मासूम से रेप के बाद हत्‍या करने वाले न‍िलंब‍ित स‍िपाही पर NSA लगाने की तैयारी, SSP ने कहा- फास्ट ट्रैक कोर्ट ले जाएंगे केस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra News, Pune News, Maharashtra Bridge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com