- यूपी चुनाव 2027: सपा के घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और गरीबों पर बड़ा फोकस
- भाजपा को घेरने की तैयारी में सपा, संविधान दिवस पर पेश करेगी चुनावी विजन
- अखिलेश यादव करेंगे जन-मन घोषणापत्र जारी, 300 यूनिट फ्री बिजली की तैयारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी संविधान दिवस पर अपना बहुप्रतीक्षित 'जन-मन घोषणापत्र' जारी कर सकती है. सूत्रों के अनुसार घोषणापत्र को 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया गया है, जिसमें पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आम जनता के मुद्दों को केंद्र में रखा जाएगा. महिलाओं को ₹40 हजार वार्षिक पेंशन, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता और गरीबों के लिए मुफ्त इलाज जैसे बड़े वादे शामिल हो सकते हैं. साथ ही प्रदेश, जिला और लखनऊ के लिए अलग-अलग घोषणापत्र भी पेश किए जा सकते हैं.
तीन स्तर पर जारी हो सकता है घोषणापत्र, खड़गे हो सकते हैं शामिल
समाजवादी पार्टी का यह घोषणापत्र तीन अलग-अलग श्रेणियों में जारी किए जाने की तैयारी है. पहला राज्य स्तरीय घोषणापत्र होगा, जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी का विजन और बड़े चुनावी वादे शामिल होंगे.
घोषणापत्र विमोचन के बाद संविधान मार्च आयोजित करने की भी तैयारी है. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं.
महिलाओं और युवाओं पर फोकस; संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय पर जोर
सूत्रों के मुताबिक घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए जा सकते हैं. संभावित प्रस्तावों में महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन, स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीबों के लिए बिना कार्ड मुफ्त इलाज जैसी घोषणाएं शामिल हो सकती हैं. इसके अलावा लखनऊ में छात्राओं और छात्रों के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा का वादा भी किया जा सकता है. पार्टी के सूत्रों के अनुसार घोषणापत्र पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की निगरानी में तैयार किया गया है. इसमें संविधान की रक्षा, लोकतंत्र और आरक्षण को समाजवादी पार्टी के प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में रखा गया है. साथ ही रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया गया है.
अखिलेश ने भाजपा को घेरा, PDA रणनीति पर टिकी नजर
इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर हमलावर हैं. उन्होंने कहा है कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाना है. अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी उन अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करेगी, जिन पर पिछले वर्षों में सत्तारूढ़ दल के एजेंट की तरह काम करने का आरोप है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी और जनता बदलाव का इंतजार कर रही है. समाजवादी पार्टी का यह घोषणापत्र आगामी विधानसभा चुनाव से काफी पहले जारी किया जा रहा है ताकि पार्टी अपने प्रमुख मुद्दों और वादों को बूथ स्तर तक पहुंचा सके. अब सवाल यह है कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति को केंद्र में रखकर तैयार किया जा रहा यह घोषणापत्र 2027 के चुनावी समीकरणों को किस हद तक प्रभावित करता है.
यह भी पढ़ें : UP चुनावः सपा की पहली लिस्ट से गठबंधन में फूट? क्या 2024 वाली कहानी दोहराने में जुटे अखिलेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं