- हिंगोली के पटाखा गोदाम में धमाकों के बाद आग, दो लोगों की मौत
- घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा हादसा, कई लोग गंभीर रूप से झुलसे
- पटाखों के विस्फोट से मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड को भी नुकसान
महाराष्ट्र के हिंगोली शहर में सोमवार देर शाम एक बड़े हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. मारवाड़ी गली स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लगने के बाद लगातार धमाके होने लगे, जिससे इलाके में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी इसकी चपेट में आ गई. हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 10 से 12 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घायलों का इलाज जारी है.
घनी आबादी वाले इलाके की घटना
महाराष्ट्र के हिंगोली शहर में स्थित मारवाड़ी गली, जिसे कपड़ा गली के नाम से भी जाना जाता है, सोमवार देर शाम भीषण आग की घटना से दहल उठी. घनी आबादी वाले इस इलाके में एक पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसके बाद लगातार विस्फोट होने लगे और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई. NDTV को प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थोक पटाखा व्यापारी गोपाल बस्तवार के घर में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था. देर शाम अचानक गोदाम में आग भड़क उठी. आग लगने के कुछ ही देर बाद पटाखों में विस्फोट शुरू हो गए, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.

गली से दिखती आग
दूर तक सुनाई दी आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई. लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया और आसपास के इलाकों से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं.
फायर ब्रिगेड में भी लगी आग
आग बुझाने के लिए पहुंची फायर ब्रिगेड को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. पटाखों में हो रहे लगातार विस्फोटों के बीच एक फायर ब्रिगेड वाहन भी आग की चपेट में आ गया. इस वजह से राहत एवं बचाव अभियान कुछ समय के लिए और चुनौतीपूर्ण हो गया था.
यह भी पढ़ें : लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर रूम में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं कई दमकल गाड़ियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं