विज्ञापन

महाराष्ट्र के अकोला में युवक की बेरहमी से हत्या, पहले सिर फोड़ा, फिर उंगलियां काटीं, 2 दिन में दूसरा मर्डर

Akola Murder: महाराष्ट्र के अकोला शहर से हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक की बेरहमी से हत्या की गई है, उसका सिर फोड़ दिया गया, उंगलियां काट दी, घटना से हड़कंप मच गया.

महाराष्ट्र के अकोला में युवक की बेरहमी से हत्या, पहले सिर फोड़ा, फिर उंगलियां काटीं, 2 दिन में दूसरा मर्डर
महाराष्ट्र के अकोला में युवक की बेरहमी से सिर फोड़कर हत्या (फोटो:NDTV)
  • महाराष्ट्र के अकोला शहर से एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है.
  • सुबह-सुबह नाश्ता करते वक्त आकाश नाम के युवक पर आरोपियों ने हमला किया.
  • उसका सिर फोड़ दिया, उसकी उंगलियां काट दी गई, युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
अकोला:

महाराष्ट्र का अकोला शहर एक युवक की सनसनीखेज हत्या से हिल गया. रविवार सुबह एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, उसका सिर फोड़ दिया गया, उंगलियां काट दी गई और शरीर पर चोट के कई निशान दिखे. बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह अकोला के गोरक्षण रोड पर एक अंडे की ठेली पर नाश्ता कर रहे युवक आकाश गवाई की तीन नकाबपोश बदमाशों ने चाकू और लोहे के पाइप से हमला करके बेरहमी से हत्या कर दी. हमला इतना भयावह था कि बचाव के दौरान आकाश की उंगलियां तक कट गईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

अकोला में आकाश की हत्या

आकाश गवाई अपने दो दोस्तों के साथ गोरक्षण रोड पर मदर डेयरी के पास एक अंडे की ठेली पर नाश्ता कर रहा था, इसी दौरान एक फोर-व्हीलर में तीन नकाबपोश हमलावर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने उतरते ही आकाश पर चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए. लोहे की पाइप से भी उसे पीटा गया. आकाश ने बचने के लिए हाथों से वार रोकने की कोशिश की है. लेकिन हमलावरों ने उसकी उंगलियां काट दीं, गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हमले के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई. आसपास के दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं और सड़क पर भीड़ जमा हो गई. 

समाज में सक्रिए था आकाश 

परिवार का आरोप है कि आकाश की हत्या उसकी सामाजिक सक्रियता के कारण की गई है. परिजनों के मुताबिक आकाश अकोला के कृषि नगर इलाके में 15 से 22 साल के युवाओं को अपराध और नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चला रहा था. आज यानी रविवार को ही उसने एक जागरूकता कार्यक्रम के लिए एक जज को भी आमंत्रित किया था. परिवार का कहना है कि आकाश के इस काम से अपराध में लिप्त कुछ लोगों को परेशानी हो रही थी, इसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई. आकाश की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्होंने कहा कि उनका बेटा इलाके के बच्चों को सही रास्ते पर लाना चाहता था, उसी की उसे सजा मिली है. 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें बनाई हैं, जो फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। शहर में नाकाबंदी की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. अकोला के एसडीपीओ सुदर्शन पाटिल ने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

अकोला में दो दिन के अंदर यह दूसरी हत्या है. सरेआम हुए इस हत्याकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात से अब लोग सुबह-शाम घर से निकलने में भी डरने लगे हैं. ॉ

इनपुट: योगेश शिरसाट

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में 8वीं का छात्र की हत्या, कबूतर उड़ाने को लेकर हुआ था विवाद, घर से खेलने निकला लौटकर नहीं पहुंचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akola News, Akola News Crime News, Akola News Today, Maharashtra Crime, Maharashtra Crime Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com